बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था का मामला राज्य की राजनीति में काफी तूल पकड़ गया है। आरजेडी के कार्यकर्ता शनिवार को पूरी रात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर के बाहर डटे रहे।
आरजेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक लालू और राबड़ी देवी की पुरानी सुरक्षा बहाल नहीं हो जाती, वे लोग आवास के बाहर ही डटे रहेंगे।
बिहार सरकार ने हाल ही में लालू और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा समाप्त कर दी थी।
आरजेडी नेताओं ने दावा किया कि तेजस्वी यादव ने भी उन्हें दी गई सुरक्षा वापस कर दी है। पूर्व मंत्री एवं जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भी दो दिन पहले कटौती की गई थी।
हमारे नेताओं को अपमानित किया जा रहा – आरजेडी
आरजेडी प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव का कहना है कि यह एनडीए सरकार की हमारे नेताओं- लालू प्रसाद राबड़ी और तेजस्वी यादव को अपमानित करने की चाल है। शक्ति सिंह यादव राबड़ी देवी के आवास के सामने सबसे पहले आकर बैठे।
दबाव की राजनीति कर रही आरजेडी- बीजेपी
दूसरी ओर, बीजेपी ने कहा कि आरजेडी दबाव की राजनीति कर रही है और लालू के परिवार की सुरक्षा के संबंध में सभी कदम नियमों के अनुसार उठाए गए हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ”लालू प्रसाद का परिवार दबाव की राजनीति कर रहा है। उनके नखरे दिखाते हैं कि वे यह समझने को तैयार नहीं हैं कि यह लोकतंत्र है, राजशाही नहीं।”
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”राज्य में एक सुरक्षा समिति है, जो इस संबंध में फैसले करती है। राबड़ी देवी और लालू प्रसाद दोनों को पूर्व मुख्यमंत्रियों के रूप में उनकी पात्रता के अनुसार सुरक्षा मिल रही है। इसमें समस्या क्या है?”
बंगला खाली करने को लेकर किचकिच
इससे पहले राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड वाला बंगला खाली करके 39, हार्डिंग रोड वाले बंगले में जाने को लेकर नोटिस दिया जा चुका है। राबड़ी देवी का कहना है कि वह इस बंगले को खाली नहीं करेंगी जबकि राज्य सरकार का कहना है कि नियमों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री को यह बंगला खाली करना होगा।
यह सरकारी आवास बीजेपी के नेता और सम्राट चौधरी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। यहां राबड़ी देवी दो दशक से रह रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य विधान परिषद में विपक्ष की नेता होने के नाते उन्हें आवंटित 39, हार्डिंग रोड स्थित आवास में जाने से इनकार कर दिया है।
रोहिणी आचार्य का हमला, सुनाई खरी-खोटी
बिहार सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती किए जाने के फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता रोहिणी आचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
