सीएम को तेजस्वी ने लिखा पत्र तो प्रवक्ता ने उड़ाया मजाक, कहा- पत्र लिखना आता है? कौन सी डिग्री लिये हो?
जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने दावा किया कि चिट्ठी भी तेजस्वी दूसरों से लिखवाते हैं। कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति अन्य राज्यों से काफी बेहतर है। तेजस्वी से कहा कि उनके माता-पिता के राज में क्या होता था?

बिहार में विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को लगातार घेरने में लगे हैं। कुछ दिन पहले इंडिगो एयरलाइंस के पटना स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की हत्या हो गई थी। इसको लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। हालांकि सत्ताधारी जनता दल यू के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह विपक्षियों के आरोपों पर कड़ाई से जवाब दे रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश सरकार पत्र लिखकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस पर जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने उनका मजाक उड़ाते हुए कहा कि “उन्हें चिट्ठी लिखनी आती है क्या, क्या डिग्री है उनके पास?” उन्होंने दावा किया कि चिट्ठी भी तेजस्वी दूसरों से लिखवाते हैं। सलाह दी कि उन्हें इन सब आरोपों से अलग हटकर विकास की बातें करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति अन्य राज्यों से काफी बेहतर है। तेजस्वी से कहा कि उनके माता-पिता के राज में क्या होता था?
हाल ही में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव और एलजेपी नेता चिराग पासवान रूपेश सिंह के परिजनों से मुलाकात की थी। हालांकि इस मामले में जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि हमें अपनी पुलिस पर पूरा भरोसा है। बहुत जल्द अपराधी गिरफ्तार हो जाएंगे। राज्य के डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद ने हत्या को लेकर डीजीपी से बात की है। उनका भी दावा है कि पुलिस जल्द ही सभी दोषियों को पकड़ लेगी।
इससे पहले सीएम नीतीश कुमार ने रूपेश हत्याकांड पर पत्रकारों से कहा था, ‘मैंने डीजीपी से बात की है, एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस का मनोबल न गिराएं। अगर कोई अपना कर्तव्य पूरा नहीं करता है, तो कार्रवाई की जाती है।’ उन्होंने कहा, ‘2005 से पहले क्या हुआ? बहुत अपराध हुए। क्या आज भी ऐसा ही है?’
सीएम नीतीश कुमार ने कहा, ‘जहां तक अपराध की घटनाओं का सवाल है। देश में बिहार इस मामले में 23वें स्थान पर है। कानून लागू हैं। पुलिस ज्यादा जानकारी का पता लगा रही है। इस मामले में तेजी से सुनवाई की जाएगी। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुझे डीजीपी ने आश्वासन दिया है।’