दीपावली पर अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए सफर इस बार बहुत महंगा साबित हो रहा है। दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश और बिहार वाली ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण लोगों को निजी बस संचालक पांच से छह गुना अधिक किराया वसूल रहे है। वहीं, दूसरी तरफ परिवहन विभाग इस मनमानी को रोकने के लिए कोई कड़े कदम उठाता नहीं दिख रहा हैं।
28 अक्तूबर को ऑनलाइन बुकिंग के दौरान जिस बस का किराया नोएडा से लखनऊ का सफर का 524 रुपये था, चार नवंबर को वही टिकट 3783 रुपये में मिल रहा है। कमोवेश यही स्थिति गोरखपुर और बनारस जाने वाले यात्रियों की भी है। अमूमन 900 से 1100 रुपये में होने वाला नोएडा-गोरखपुर का सफर अब 3000 से 4500 रुपये तक का पड़ रहा है।
बस्ती जाने के लिए देने पड़े साढ़े पांच हजार रुपये
निजी बसों के मनमाने किराये का असर उन यात्रियों की जेब पर भी पड़ रहा है, जो त्योहार पर अपने घर जाना चाहते हैं। आनंद विहार (दिल्ली) से उत्तर प्रदेश के बस्ती जाने के लिए बस का टिकट बुक कराने वाले पत्रकार नितेश दुबे ने बताया कि आम दिनों में इस रूट पर घर जाने के लिए उन्हें 1800 से 2000 रुपये किराया देना पड़ता है। लेकिन दीपावली पर घर जाने के लिए उन्हें इसी सफर का टिकट लेने में साढ़े पांच हजार रुपये खर्च करने पड़े। यानी सामान्य दिनों के मुकाबले उन्हें करीब तीन गुना किराया चुकाना पड़ा।
बनारस के किराए में भी 1100 के मुकाबले साढ़े पांच हजार रुपये वसूले
बनारस जाने के किराए में भी 1100 के मुकाबले पांच से साढ़े छह हजार रुपये वसूले जा रहे है। इसके अलावा दिल्ली से पटना रूट पर दिवाली के अगले दिन का बस टिकट नौ हजार रुपये का पड़ रहा है, जबकि उसी दिन हवाई यात्रा का टिकट साढ़े सात हजार रुपये में उपलब्ध है।
रोडवेज विभाग एक तरफ दावा करता है कि धनतेरस से छठ पूजा तक चौबीसों घंटे अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। बुलंदशहर, आगरा और लखनऊ जैसे रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ निजी बसों पर कार्रवाई न कर यह कहकर पल्ला झाड़ रहा है कि बस आल इंडिया परमिट पर संचालित की जा रही है।
संभागीय परिवहन अधिकारी सियाराम वर्मा के मुताबिक त्योहारों के दौरान प्रवर्तन दल लगातार मुस्तैद रहेंगे ताकि यात्रियों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े। विभाग बसों के संचालन के लिए परमिट जारी करता है लेकिन अगर परमिट आल इंडिया है तो उसपर राज्य सरकार कार्रवाई नहीं कर सकती।
