मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्रियों द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में आबंटित फंड को पूरी तरह खर्च करने के निर्देश दिए जाने के बाद विभिन्न विभागों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभाग विकास परियोजनाओं के लिए मिले बजट को मौजूदा वित्तीय वर्ष में खर्च करने के उद्देश्य से तेजी से प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेज रहे हैं। हालांकि वित्त विभाग ने इस तरह की जल्दबाजी पर आपत्ति जताई है।

वित्त विभाग के पास मंजूरी के लिए बड़ी संख्या में प्रस्ताव पहुंचने के बाद स्पष्ट कर दिया गया है कि बजट का खर्च पूरे वित्तीय वर्ष में संतुलित रूप से होना चाहिए। वित्त विभाग के प्रधान सचिव के निर्देश पर नीति प्रभाग ने कहा है कि वर्ष के अंत में जल्दबाजी में खर्च करना वित्तीय अनुशासन और उपयुक्तता के सिद्धांतों का उल्लंघन माना जाएगा। विभाग ने इस संदर्भ में सामान्य वित्तीय नियमावली, 2017 के नियम 62(3) का भी उल्लेख किया है।

देर से प्रस्ताव मिलने पर सही उपयोग की संभावना कम रह जाती है

वित्त विभाग के लेखा नियंत्रक (वित्त) के अनुसार, वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने में राशि खर्च करने की जल्दबाजी से बचना जरूरी है, क्योंकि ऐसे मामलों में प्रस्तावों की समुचित जांच के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि वर्ष के अंत में प्रस्ताव मिलने से विभागों और एजेंसियों के पास भी फंड के सही उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त समय नहीं रहता।

कई बार स्थानीय निकाय और अनुदान प्राप्त संस्थाएं पिछले वित्तीय वर्ष में दी गई मंजूरियों के आधार पर अगले वित्तीय वर्ष में बची हुई राशि खर्च करने की अनुमति मांगती हैं। इस स्थिति से बचने के लिए सभी विभागों को सलाह दी गई है कि जिन खर्चों के लिए वित्त विभाग की सहमति आवश्यक है, उनके प्रस्ताव 23 मार्च तक भेज दिए जाएं। तय तिथि के बाद प्राप्त प्रस्तावों पर चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में विचार नहीं किया जाएगा और उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में ही लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ विकल्प को लेकर विवाद, ब्रजेश पाठक बोले- यह कतई स्वीकार्य नहीं

उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी के एक नेता ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को आयोजित परीक्षा में एक सवाल पूछा गया था- “अवसर के अनुसार बदल जाने वालों के लिए एक शब्द में उत्तर दें।” इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे। A- सदाचारी, B- पंडित, C- अवसरवादी और D- निष्कपट। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक