नए नियमों के तहत अब दिल्ली में राशन कार्ड बनवाने के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही परिवार के हर सदस्य के पास आधार संख्या होना जरूरी है जिसका जिक्र आवेदक को आवेदन में करना होगा।
दिल्ली सरकार के खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले के विभाग के अधिकारी ने बताया कि आनलाइन आवेदनों की गहन जांच व सत्यापन किया जाएगा। इन आवेदनों की जांच खाद्य आपूर्ति अधिकारी स्तर पर की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आवेदकों के सत्यापन के लिए वे क्षेत्रीय दौरा भी करेंगे। वे आवेदक के विवरण के संबंध में भी सवाल जवाब कर सकते हैं।
दिल्ली में लगभग 72 लाख राशन कार्डों का कोटा
विभाग के सभी क्षेत्रीय सहायक आयुक्तों को नए राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया को लेकर पूर्व में जारी की गई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) से अवगत करा दिया गया है। सरकार द्वारा शहर में आठ लाख से अधिक राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू किए जाने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में लगभग 72 लाख राशन कार्डों का कोटा है। अधिकारियों के अनुसार, कार्ड धारकों की मृत्यु, राशन कार्ड को वापस करने या कार्ड धारकों के पलायन के कारण फिर से नए राशन कार्ड के लिए निश्चित संख्या में आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।
सरकार ने चार फरवरी को दिल्ली खाद्य सुरक्षा नियम, 2026 को अधिसूचित किया और इसके आधार पर तैयार की गई एसओपी में नए राशन कार्ड के लिए आवेदन की प्रक्रिया के वास्ते दिशानिर्देश निर्धारित किए गए हैं।
सहायक आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके एसओपी और दिल्ली खाद्य सुरक्षा नियम, 2026 के अनुसार राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को लागू करें।
परिवार की सबसे बड़ी महिला को बनाया जाएगा मुखिया
राशन कार्ड के लिए आवेदन करते समय परिवार की सबसे बड़ी महिला (18 वर्ष से अधिक आयु की) को परिवार का मुखिया बनाया जाएगा। अगर परिवार की महिला की आयु 18 वर्ष से कम है तो एसओपी के अनुसार, महिला के 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक परिवार के सबसे बड़े पुरुष सदस्य को परिवार का मुखिया बनाया जाएगा।
SOP में निर्धारित किया गया है कि परिवार के मुखिया द्वारा ई-जिला पोर्टल के माध्यम से आनलाइन आवेदन जमा किए जाएंगे। साथ ही परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की एक प्रति भी संलग्न करनी होगी। अगर आधार कार्ड में पता अलग है तो दिल्ली में निवास का प्रमाण, राजस्व विभाग द्वारा जारी पारिवारिक आय प्रमाण पत्र, पात्रता का वचन पत्र और बिजली बिल की एक प्रति आवेदन के साथ जमा करनी होगी।
यह भी पढ़ें: घर बैठे मोबाइल पर कैसे करें राशन कार्ड ई-केवाईसी?
राशन कार्ड की e-KYC को अब घर बैठे मोबाइल पर ही की जा सकती है और इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। राशन कार्ड में जिन भी सदस्यों के नाम हैं, उनकी वेरिफिकेशन अलग-अलग होती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
