फैजाबाद बार एसोसिएशन ने गुरुवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के नाम एफआईआर दर्ज कराने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बार एसोसिएशन ने राम जन्मभूमि पुलिस थाने में चंपत राय और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के खिलाफ नई FIR दर्ज कराई है।

आठ लोग हो चुके हैं गिरफ्तार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, इनमें चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव और अनिल मिश्रा के दो करीबी रिश्तेदार भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करुणेश पांडेय, सुभाष श्रीवास्तव, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव (टिन्नू का भतीजा) शामिल हैं।

हमें रसीद दी गई है- बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी

बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने मामले को लेकर कहा, “जब हमने राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दी, तो हमें रसीद के तौर पर एक छोटा पीला टिकट दिया गया। अगर पुलिस की ओर से FIR दर्ज नहीं होती है, तो हमारे पास हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जैसे कई दूसरे विकल्प भी मौजूद हैं।”

लिखित शिकायत दी गई- बार एसोसिएशन के अध्यक्ष

इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका शरण मिश्र ने कहा, “एसोसिएशन की ओर से एक लिखित शिकायत दी गई है। पांच लोग शिकायत की हार्ड कॉपी लेने गए हैं। अगर वे कॉपी नहीं देते हैं, तो विरोध जारी रहेगा।

आगे कहा, “पुलिस ने हमसे कहा है कि कार्रवाई की जाएगी और इस मामले में पूरा भरोसा दिलाया है। FIR में चंपत राय, अनिल मिश्र, गोपाल राव और कृष्ण देव के नाम शामिल हैं। अभी हम देखेंगे कि कोतवाली श्री राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में क्या कार्रवाई होती है। अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो हम यहीं से अपना विरोध और तेज करेंगे।”

कालिका प्रसाद मिश्रा ने आगे कहा, “राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। मुझे उम्मीद है कि इस मामले में यूपी बार काउंसिल भी हमारा समर्थन करेगी।”

पहले किया था ये ऐलान

इससे पहले बार एसोसिएशन ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों का केस न लड़ने का भी ऐलान किया था। हालांकि विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने वकीलों के इस फैसले को गलत बताया था और कहा कि आरोपियों को पैरवी के वकील मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: किस आरोपी के पास कितने रुपये हुए बरामद? सामने आई जानकारी

अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में अब तक का बड़ा खुलासा सामने आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों के पास सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला नाम के शख्स के पास मिली है। इधर पुलिस ने बुधवार को आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी की है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें