अयोध्या के राम मंदिर से मिले सीसीटीवी फुटेज में चढ़ावे में मिले नकदी पैसे की कथित चोरी के आरोप में गिरफ्तार आठ में से कम से कम पांच लोग गिनती के दौरान कैश निकालते और छिपाते दिखे हैं।

पुलिस के सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर के पिलग्रिम फैसिलिटी सेंटर के 45 दिनों के फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि गिनती करने वाले पांच कर्मचारी नोटों की गड्डियां निकाल रहे थे और उन्हें अपने कपड़ों या मोजों में छिपा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों की बताए जगहों पर तलाशी भी ली

अयोध्या पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दान का पैसा निकालते हुए दिखे आरोपियों से जुड़ी जगहों की तलाशी ली है और कैश बरामद किया है। पुलिस ने अब तक करीब 80 लाख रुपये बरामद किए हैं।

25 जून को 8 आरोपी किए गए थे अरेस्ट

पुलिस ने 25 जून को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की और आठ लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, राम शंकर यादव उर्फ ​​टीनू यादव और सुभाष श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।

टीनू यादव ट्रस्ट महासचिव चंपत राय के पूर्व ड्राइवर हैं। मनीष यादव टीनू के भतीजे हैं। सूत्रों ने कहा कि अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला और मनीष यादव से जुड़े परिसरों से नकदी बरामद की गई है।

50 लोगों को गिनती के लिए रखा गया था

सूत्रों ने बताया कि ट्रस्ट ने मंदिर की अलग-अलग हुंडियों में डाले गए नोटों और सिक्कों की गिनती के लिए करीब 50 लोगों को काम पर लगाया।

चोरी कितने समय से चल रही थी कहना मुश्किल- अधिकारी

एक अधिकारी ने कहा, “गिनती के दौरान पांच लोगों को नोटों के बंडल को ढेर से उठाते, उन्हें अपने कपड़ों में छिपाते या मोजे में भरते हुए देखा जा सकता है। इन लोगों से जुड़ी जगहों पर तलाशी के दौरान कैश बरामद किया गया है। दुर्भाग्य से मंदिर में 45 दिनों से अधिक का सीसीटीवी फुटेज नहीं रखा जाता है, इसलिए हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि यह चोरी कितने समय से चल रही थी।”

अधिकारी ने कहा कि पुलिस अब आरोपियों से जुड़ी जगहों से मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या चोरी के पैसे से कोई संपत्ति या एसेट खरीदा गया था। अधिकारी ने यह कहा, “हम उन अलग-अलग तरीकों की भी जांच कर रहे हैं जिनसे मंदिर से दान का पैसा चोरी किया गया। बैंक के कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं।”

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: बार एसोसिएशन ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के नाम FIR दर्ज करने के लिए अयोध्या थाने में दी तहरीर

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने गुरुवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के नाम एफआईआर दर्ज कराने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बार एसोसिएशन ने राम जन्मभूमि पुलिस थाने में चंपत राय और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के खिलाफ नई FIR दर्ज कराई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें