राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा है कि पंजाब पुलिस के द्वारा उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पाठक ने रविवार को कहा कि पंजाब में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है।
संदीप पाठक कुछ दिन पहले ही आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। पाठक को आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता था। संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब के दो अलग-अलग जिलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
संदीप पाठक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह इस बात का इंतजार कर रहे थे कि अगर उन्हें एफआईआर की कॉपी मिले तो वह उस पर कोई रिएक्शन दें लेकिन अभी तक उन्हें एफआईआर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
संदीप पाठक ने कहा कि सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके अगर कोई एफआईआर दर्ज हुई है तो वह एफआईआर को समझने के बाद ही उस पर रिएक्शन देंगे। संदीप पाठक ने कहा कि उन्होंने जब तक आम आदमी पार्टी के लिए काम किया, नीति और धर्म से काम किया और अब जब वह भारतीय जनता पार्टी में आ गए हैं तो वह इस पर रहकर ही काम करेंगे।
मेरा रास्ता पूरी तरह अलग- पाठक
पाठक ने कहा कि उनके लिए राजनीति में सफलता या असफलता मायने नहीं रखती। संदीप पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी को छोड़ने के पीछे कोई व्यक्तिगत वजह नहीं है बल्कि सैद्धांतिक और कार्यशाली में लंबे वक्त से चले आ रहे मतभेदों के कारण उन्होंने यह फैसला लिया। पंजाब से राज्यसभा सांसद पाठक ने कहा कि अब उनका रास्ता पूरी तरह अलग है।
भाजपा और अकाली दल का आप पर हमला
संदीप पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने भी बयान जारी किया है। दोनों ही राजनीतिक दलों ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजनीतिक बदले की भावना से कम कर रही है। पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि संदीप पाठक के खिलाफ गैर जमानती एफआईआर दर्ज होने से साफ है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पुलिस को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा कि केजरीवाल ने उन सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करानी शुरू कर दी है जिन्होंने उनका साथ छोड़ दिया। हाल ही में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल हो गए थे।
राघव चड्ढा की बीजेपी में किसने करवाई एंट्री?
राघव चड्ढा के आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी के साथ जाने को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने बयान दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
