राजस्थान के नागौर जिले के एक निजी विद्यालय में नौ साल की बच्ची की कथित तौर पर खेलते समय अचानक गिरने से मौत हो गयी। डॉक्टरों के मुताबिक मौत का कारण हृदय गति रुकना हो सकता है। यह घटना 23 फरवरी की सुबह गोटन कस्बे में हुई।
विद्यालय के निदेशक रामकुंवार ओला ने बताया कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली दिव्या बापेडिया तालनपुर की रहने वाली थी। सामान्य दिनों की तरह 23 फरवरी की सुबह स्कूल आई थी।
उन्होंने बताया कि प्रार्थना होने में कुछ समय बचा था तथा इस दौरान दिव्या और कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे। खेलते समय अचानक सुबह करीब 7:48 बजे दिव्या बेहोश होकर मैदान में गिर गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और परिवार वालों को सूचना दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय कर्मचारी उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि मौत का कारण हृदय गति रुकना होने की आशंका है। घटना का सीसीटीवी फुटेज गुरुवार (26 फरवरी 206) को सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें दिव्या को गिरने से कुछ क्षण पहले खेलते हुए देखा जा सकता है।
नहीं हुआ पोस्टमार्टम
गोटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सुखराम ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कोई बाहरी चोट भी नहीं थी। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक को ही मौत का संभावित कारण माना गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। आश्चर्यजनक बात है कि छात्रा के बड़े भाई की भी करीब 4 महीने पहले ऐसे ही कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी।
चार महीने पहले भाई की भी ऐसे ही मौत
परिवार के लोगों ने बताया कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी कुछ इसी तरह हुई थी। 2 सितंबर 2025 को अभिषेक घर पर ही खेलते समय अचानक बेहोश हो गया और इसके बाद उन्हें हॉस्टिपिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था।
कार्डियक अरेस्ट के लक्षण
कार्डियक अरेस्ट आमतौर पर अचानक होता है। कुछ लोगों में इसके लक्षण दिखते हैं जैसे सीने में दर्द होना, सांस लेने में तकलीफ होना, मतली होना, चक्कर आना, छाती में दर्द होना, दौरा पड़ना। कार्डियक अरेस्ट से एक घंटा पहले मतली और उल्टी महसूस होने जैसी परेशानियां हो सकती है।
