Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर जिले के भौंडा गांव में क्रशर प्लांट को दोबारा चालू करने को लेकर हुए बड़ा विवाद हो गया और मारपीट में बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, करीब 70 से 80 लोगों की उग्र भीड़ ने पूर्व विधायक और उनके सहयोगियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।

ग्रामीणों द्वारा किए गए हमलों के चलते भड़ाना बुरी तरह घायल हो गए थे। इसके चलते उन्हें तुरंत इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस (SMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्रशर प्लांट को शुरू करने पर भड़का विवाद

घटना 11 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे की है, जब पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना भौंडा गांव स्थित अपने क्रशर प्लांट पर पहुंचे थे। यह क्रशर पिछले करीब एक साल से बंद पड़ा था और इसे दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर के लिए चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किया गया था और इससे रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। जब भड़ाना अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, तो विरोध कर रहे ग्रामीणों और उनके पक्ष के बीच तीखी बहस हो गई, जिसने देखते ही देखते उग्र हिंसा का रूप ले लिया।

लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ते ही भीड़ ने पूर्व विधायक और उनके सहयोगियों पर हमला बोल दिया। इस झड़प में अतर सिंह भड़ाना और उनके साथी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए वैर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, भड़ाना की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जयपुर के एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल गगन शर्मा का इलाज भरतपुर के अस्पताल में चल रहा है।

पूर्व विधायक की पत्नी ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप

घटना के बाद पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर निष्क्रियता के बड़े आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्रशर प्लांट की लीज का कनेक्शन काटना, वाटर पंप खराब करना और कर्मचारियों को डराना-धमकाना लंबे समय से जारी था। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को इन तमाम घटनाओं की लिखित और मौखिक सूचना दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

इसके अलावा, पत्नी ने अतर सिंह भड़ाना को गोली मारे जाने की आशंका भी जताई है, हालांकि स्थानीय अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में गोली लगने की बात से इनकार किया है।

4 साल पुरानी रंजिश और धरने के बाद भड़की हिंसा

पुलिस जांच के अनुसार, इस क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों और संचालकों के बीच पिछले 4 सालों से विवाद चला आ रहा था। ग्रामीण अवैध खनन और रास्ते पर कब्जे का आरोप लगाते हुए पिछले 2 सालों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और बीते 15 दिनों से धरना स्थल पर बैठे थे।

ग्रामीणों का दावा है कि रविवार को भड़ाना 40-50 लोगों के साथ धरना खत्म कराने पहुंचे थे, जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। वहीं, पुलिस मामले में फायरिंग के कोण और हमले में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग, केरल विधानसभा में आज प्रस्ताव पेश करेगी सरकार

केरल की कांग्रेस सरकार सोमवार को राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश करेगी। इसमें केंद्र सरकार से ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही, केरल विधानसभा मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव लाने वाली देश की पहली विधानसभा बन जाएगी। पढ़िए पूरी खबर…