राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने के आठ मजदूरों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुआ। इस हादसे में चार मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए सबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तुरंत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

उदयपुर वाटी के थानाधिकारी रामपाल ने बताया कि छापोली गांव में कदम कुंड की तरफ जाने वाली सड़क बनाने काम चल रहा था। इस दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गई। उसमें करंट फैल गया और काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।

घटना की जांच के आदेश

राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हीरालाल नागर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, ‘सड़क का निर्माण जन सहयोग से किया जा रहा था और यह काम निजी स्तर पर छोटे पैमाने पर हो रहा था।’

उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। अगर कोई विभागीय या तकनीकी चूक पाई जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी।

अशोक गहलोत ने पूछा- मौतों के लिए कौन जिम्मेदार?

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताते हुए प्रकरण की जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा, ”झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है।”

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी ये सोच कर मन व्यथित है। सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए।” 

यह भी पढ़ें: ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो बिजली बिल में जुड़ सकती है रकम! सुप्रीम कोर्ट ने सुझाया नया तरीका