राजस्थान कांग्रेस के ओबीसी सेल के संयोजक राजेंद्र सेन ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ नागरिक सम्मान भारत रत्न की मांग की है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी और गहलोत की जमकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान अशोक गहलोत ने बेहतरीन चिकित्सा व्यवस्था का इंतजाम किया साथ ही लोगों की रोजी-रोटी का भी खयाल रखा।
अपनी चिट्ठी में राजेंद्र सेन ने लिखा, ‘देश में कोरोना महामारी की दूसरी प्राणघातक लहर में देश की जनता को फ्री वैक्सीन उपलब्ध करा कर आप द्वारा देश खी जनता के जीव की रक्षा करने पर आप को जन-जन का आभार। गहलोत जी ने इस महामारी में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कोई कमी नहीं आने दी और खुद ही व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।’
उन्होंने लिखा, ‘गहलोत जी स्वयं और उनकी धर्मपत्नी कोरोना पॉजिटिव थे, इसके बावजूद लगातार जनता को बचाने के लिए प्रयास जारी था। वह 18-18 घंटे तक लोगों के संपर्क में रहते थे। आपने ही राजस्थान के मुख्यमंत्री को कोरोना महामारी से बचाव के प्रबंधन में नंबर वन बताया था। आपसे निवेदन है कि गहलोत जी को इस उत्कृष्ट प्रबंधन और समाज सेवा के लिए भारत रत्न दे कर सम्मान प्रदान करें।’
राजस्थान में कोरोना से दूसरी लहर में 4000 लोगों की हुई थी मौत
सीएम अशोक गहलोत ने लोगों को अगाह किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से छूट दी गई है लेकिन लोग लॉकडाउन जैसा ही बर्ताव करें। फालतू में बाहर न निकलें। राजस्थान में दूसरी लहर के दौरान लगभग 4 हजार लोगों की मौत हो गई थी।
क्या है भारत रत्न?
भारत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है और यह उन्हें दिया जाता है जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य से देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया हो। यह सम्मान, साहित्य, कला, विज्ञान, राजनीति, विचार, खेल, उद्योग, लेखन और समाजसेवा के क्षेत्र में भारत सरकार की तरफ से दिया जाता है। 1954 में पहली बार भारत रत्न सी राजगोपालाचारी, सर्वपल्ली राधाकृष्णन और सीवी रमन को दिया गया था।