Bihar : गांधी मैदान में 28 साल बाद कांग्रेस की रैली, कई दलों को ‘बंधन’ में बांधने पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज (3 फरवरी, 2019) बिहार के गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली को संबोधित करेंगे और बीजेपी के खिलाफ कई दलों को अपने ‘बंधन’में बांधेंगे। यह रैली बिहार के गांधी मैदान में हो रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज (3 फरवरी, 2019) गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली को संबोधित करने के लिए बिहार पहुंच गए हैं। इस दौरान वे बीजेपी के खिलाफ कई दलों को अपने ‘बंधन’ में बांधेंगे। यह रैली बिहार के गांधी मैदान में हो रही है। बता दें कि इस मैदान में कांग्रेस 28 साल बाद रैली कर रही है। इससे पहले 1989 में पूर्व प्रधानमंत्री और राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने इस मैदान में रैली की थी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की बिहार में यह पहली रैली है। ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि यह रैली सफल हो, जिससे अन्य दलों में पॉजिटिव संदेश जाए।
कांग्रेस नेता और एमएलसी प्रेमचंद मिश्रा के मुताबिक, इस रैली के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि बीजेपी किस तरह देश के गरीबों और आम आदमी को गुमराह कर रही है। इस वजह से रैली को जन आकांक्षा रैली नाम दिया है। इस रैली को लेकर पटना की सड़कों को बैनर और पोस्टर से लगा दिए गए हैं।
कई दिग्गज नेता होंगे शामिल: कांग्रेस की इस रैली में अन्य पार्टियों के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की भी उम्मीद है। बिहार के पार्टी मामलों के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि इस महारैली में शामिल होने के लिए गठबंधन के साझेदारों जैसे तेजस्वी यादव, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी को निमंत्रण भेजा गया है। वहीं, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी रैली में आएंगे। साथ ही, गुजरात के सांसद अहमद पटेल और कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुष्मिता देव भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
रैली में एक साथ पहुंचे राहुल-तेजस्वी : सूत्रों का कहना है कि जन आकांक्षा रैली में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ पहुंचे। दोनों दिग्गज नेता एक ही फ्लाइट से बिहार के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव शनिवार को कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव की हरियाणा परिवर्तन रैली में शामिल हुए थे।