कांग्रेस पार्टी (Congress Party) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) चल रही है और इसका नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा अभी पंजाब में है और रविवार को यात्रा जालंधर (Jalandhar) में थी। रविवार को जालंधर में यात्रा में मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) के पिता भी शामिल हुए। रविवार दोपहर 3 बजे जालंधर के खालसा कॉलेज मैदान से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई।
सिद्धू मूसेवाला के पिता भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल
दरअसल कांग्रेस सांसद संतोख सिंह (Congress MP Santokh Singh) के शनिवार के निधन के कारण भारत जोड़ो यात्रा 24 घंटे के लिए रुकी हुई थी। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के अलावा रॉबर्ट वाड्रा भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चलते हुए दिखाई दिए। राहुल गांधी ने खुद सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के साथ एक फोटो पोस्ट की और उनका आभार व्यक्त किया।
राहुल गांधी ने ट्वीट के माध्यम से सिद्धू मूसे वाला को भी याद किया और उन्हें सलाम किया। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “आज जलंधर में मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता स्व. सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह जी यात्रा में शामिल हुए। उनमें अद्भुत साहस और धीरज देखा मैंने। उनकी आंखों में अपने बेटे के लिए गर्व, और दिल में बेशुमार प्यार झलकता है। मेरा सलाम है ऐसे पिता को!”
शनिवार को कांग्रेस सांसद का हुआ था निधन
बता दें कि शनिवार को कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का भी निधन हो गया। दरअसल वह भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे थे और इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद भारत जोड़ो यात्रा को 24 घंटों के लिए रोक दिया गया था और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई थी।
मई में हुई थी पंजाबी गायक की हत्या
मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को की गई थी। सिद्धू मूसेवाला की हत्या पंजाब में उनके गांव मानसा के पास की गई थी। बता दें कि सिद्धू मूसेवला की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गोल्डी बरार का नाम सामने आ रहा है। जांच एजेंसियां भी इसका खुलासा करने में जुटी हुई हैं। वहीं जिस दिन पंजाबी गायक की गोली मारकर हत्या की गई थी, उसके ठीक एक दिन पहले ही उनकी सुरक्षा भी हटाई गई थी।