सोमनाथ भारती पर स्याही फेंकने वाले का कांग्रेस विधायक ने किया सम्मान, कहा- योगी की होती है पूजा
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आप विधायक सोमनाथ भारती इन दिनों यूपी के दौरे पर है। सोमवार को उन पर रायबरेली के गेस्ट हाउस में हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ता ने स्याही फेंक दी थी।

दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आप विधायक सोमनाथ भारती पर दो दिन पहले सोमवार को यूपी के रायबरेली में स्याही फेंकने के आरोपी को मंगलवार को स्थानीय कांग्रेस विधायक ने नकद इनाम देकर सम्मानित किया। विधायक ने हिंदू युवा वाहिनी (HYV) के जिला संयोजक होने का दावा करने वाले 34 वर्षीय जितेंद्र सिंह को अपने घर पर माला पहनाया और 51,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने पर उसने सोमनाथ भारती पर स्याही फेंकी थी। कहा “विधायक राकेश सिंह ने उसे और संगठन के अन्य लोगों को अपने घर पर बुलाया और सम्मानित किया। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए भी कहा।” हिंदू युवा वाहिनी का गठन सीएम योगी आदित्यनाथ ने ही की थी।
रायबरेली के हरचंदपुर से कांग्रेस विधायक राकेश सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजा की जाती है। लोग उनको भगवान से कम मानते नहीं है। एक संत के रूप में वह मुख्यमंत्री का कार्य करते हैं। इससे ज्यादा ईमानदार और कर्मठ मुख्यमंत्री ना हुआ है और न होगा। मैं चाहता हूं कि सोमनाथ भारती के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो।”
इस घटना के बाद भारती ने सीएम योगी आदित्य नाथ को निशाने पर ले लिया। उन्होंने सीएम का असली नाम अजय सिंह बिष्ट लेते हुए उन्हें गुंडा करार दिया और कहा कि उनकी गुंडई प्रदेश की जनता के सामने देखेंगे। पूरे राज्य में बताएंगे। यहां महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। शिक्षा को मिटाया जा रहा है।
'Yogi तो जाएगा, लिखवा लो मुझसे'- इतना कहते ही AAP के विधायक सोमनाथ भारती पर युवक ने फेंकी स्याही…#UttarPradesh #AAP #BJP @raebarelipolice pic.twitter.com/RaHorO1Olm
— News24 (@news24tvchannel) January 11, 2021
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आप विधायक सोमनाथ भारती इन दिनों यूपी के दौरे पर है। सोमवार को वह रायबरेली पहुंचे और गेस्ट हाउस में ठहरे थे। इसी दौरान उनका घेराव करने पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में से एक जितेंद्र सिंह ने उन पर काली स्याही फेंक दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें भारती कहते हैं कि योगी तो जाएगा, लिखवा लो मुझसे। उन पर स्याही फेंकते हुए आरोपी कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह ने कहा कि योगी कहीं नहीं जाएगा। इसके बाद सीएम योगी के समर्थन में जोर-जोर से नारेबाजी होने लगी।
इधर घटना के बाद सोमनाथ भारती को भी गिरफ्तार कर लिया। अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक दया राम ने बताया कि सोमनाथ भारती के खिलाफ जगदीशपुर थाने में मामला दर्ज था, उसी सिलसिले में उन्हें रायबरेली से गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि सोमनाथ भारती द्वारा उत्तर प्रदेश के अस्पतालों को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ता सोमनाथ शाहू ने जिले के जगदीशपुर थाने मे मामला दर्ज कराया था।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।