पंजाब की जेल में बंद शख्स ने दी कश्मीरी ऐक्टिविस्ट की सुपारी, दिल्ली में हुआ भांडा फोड़
दिल्ली के आरकेपुरम में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कश्मीरी ऐक्टिविस्ट को मारने के लिए इन्हें पंजाब की जेल में बंद एक शख्स ने 10 लाख की सुपारी दी थी।

दिल्ली के आरके पुरम इलाके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला है कि पंजाब की जेल में बंद एक शख्स ने इन दोनों को कश्मीरी ऐक्टिविस्ट की हत्या की सुपारी दी थी। उनके पास से पाकिस्तान की बनी हुई दो पिस्तौल भी बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक जांच जारी है। दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि इसमें विदेशी ताकतें भी शामिल हो सकती हैं। मामले को स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है।
डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने कहा, ‘आर के पुरम पुलिस ने 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों फरीदकोट, पंजाब से हैं। इन्हें प्रिंस नामक व्यक्ति द्वारा सुशील पंडित नामक व्यक्ति की हत्या के लिए 10 लाख रुपये का वादा किया गया था। इन्हें 4 पिस्टल उपलब्ध कराई गई थी। मामले की संजीदगी को देखते हुए और यह देखते हुए कि इसमें विदेशी ताकतें शामिल हो सकती हैं, मामले को स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया जा रहा है।’
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रिंस उर्फ टूटी ने इन दोनों आरोपियों को सुशील पंडित का फोटो भी दिया था जो कि उनके फोन से बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि वह मर्डर ट्रायल के चलते फरीदकोट की जेल में बंद है। ये दोनों ही साउथ जिले में किराए का कमरा ढूंढ रहे थे और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनपर आर्म्स ऐक्ट और आपराधिक साजिश के साथ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुशील पंडित कश्मीरी पंडितों के लिए काम करने वाले एक मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। अलग-अलग प्लैटफॉर्म पर वह अपने विचार रखते हुए नज़र आते हैं। उन्होंने रूट्स इन कश्मीर नाम की संस्था की स्थापना की है। बता दें कि पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार लोगों के तार पाकिस्तान से भी जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि ये लोग आपस में सिग्नल ऐप के जरिए बात करते थे। प्रिंस और लखन आपस में दोस्त हैं। आरोपी सुखविंदर सिंह और लखन दोनों ही पंजाब के फरीदकोट के कोटकपुरा के रहने वाले हैं।