पंजाब पुलिस ने शनिवार को बताया है कि बटाला में पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एक अगस्त को बटाला के अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी पर हमला हुआ था।

इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों ही नाबालिग हैं। ग्रेनेड हमले में कोई घायल नहीं हुआ था।

तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने X हैंडल पर जानकारी दी है।

टेरर मॉड्यूल से है आरोपी का संबंध

यादव ने बताया कि जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस और बटाला पुलिस के द्वारा चलाए गए एक ऑपरेशन के बाद तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया। यादव के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के द्वारा समर्थित एक टेरर मॉड्यूल से जुड़ा हुआ है। इस टेरर मॉड्यूल को पुर्तगाल में बैठा बब्बर खालसा इंटरनेशनल का मास्टरमाइंड चला रहा था।

डीजीपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी टेरर मॉड्यूल के दूसरे लोगों के साथ पुलिस थाने पर हुए हमले में शामिल था और ऐसा उसने पुर्तगाल में बैठे अपने हैंडलर के कहने पर किया था। डीजीपी का कहना है कि घटना के बाद आरोपी छुप गया था और उसकी योजना पंजाब में कई और पुलिस ठिकानों पर इसी तरह के हमले करने की थी।

आतंकी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

यादव ने बताया कि इस आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए जांच चल रही है और इस मामले में विदेश में बैठे हैंडलर्स और उन्हें सपोर्ट करने वाले स्थानीय नेटवर्क की भी पहचान की जा रही है। यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में टेरर नेटवर्क को खत्म करने, अपराध को रोकने और शांति, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रेनेड हमले के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल लोग युवाओं को पैसे देकर इस तरह के अपराधों को अंजाम देने के लिए भड़का रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे कट्टरपंथी तत्वों के उकसावे या सोशल मीडिया पर चलाए जाने वाले किसी भी नैरेटिव के बहकावे में ना आने की अपील की थी।

डीआईजी ने कहा था कि अगर युवा ऐसे असामाजिक तत्वों के जाल में फंस जाते हैं तो उन्हें कैद के साथ ही कई कानूनी अड़चनों का भी सामना करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- संगरूर में बीजेपी के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला

पंजाब के संगरूर में बीजेपी के जिला कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।