पंजाब के बंठिडा में डीसी ऑफिस का घेराव करने जा रहे किसानों की कोशिश को पुलिस ने शुक्रवार को नाकाम कर दिया। यहां भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के सदस्य व समर्थक हत्या की कोशिश के आरोप में जेल में बंद दो किसान नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर जा रहे थे।
पुलिस ने पहले ही पूरे जिले में सुबह से ही भारी पुलिस बल की तैनाती कर जगह-जगह नाकाबंदी कर दी और कई जगहों पर किसानों के जत्थे को रोककर वापस भेज दिया। इस दौरान किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
शाम को बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुरा के पास धरना दे रहे किसान उग्र हो गए और फिर पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिस पर गुस्साए किसानों ने पथराव कर दिया।
पंजाब पुलिस ने पहले ही संभावित प्रदर्शन और घेराव के मद्देनजर बठिंडा शहर में एंट्री पॉइंट्स को ब्लॉक कर दिए थे। साक ही कई गांवों और कस्बों में पहले से ही बैरिगेड्स लगाकर नाके लगा दिए थे। साथ ही जिला प्रशासनिक परिसर के गेट पर भी पुलिस ने ताला लटका दिया था।
दूसरी ओर किसानों ने बंठिडा-चंढीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव कराड़वाला के पास धरना दिया और डीएसपी और नायब तहसीलदार का घेराव किया।
किसान संगठन ने सरकार पर लगाए आरोप
मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के वरिष्ठ उपाध्यक्ष झंडा सिंह जेठूके और जिला प्रधान शिंगारा सिंह मान ने कहा कि उनके साथी किसान नेता एक झूठे हत्या के प्रयास मामले में बंद हैं। उनकी तुरंत रिहाई की मांग को लेकर हम प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान नेता ने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाया कि किसानों की आवाज दबाने के लिए रोका जा रहा है।
शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम
वहीं, पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। बिना अनुमति के घेराव या धरने की इजाजत नहीं दी जा सकती है और जिले में शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाली गतिविधियों को रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बठिंडा की एसएसपी ज्योति यादव बैंस ने कहा, “भारतीय किसान यूनियन ग्रुप ने आज विरोध प्रदर्शन बुलाया है। इसे रोकने के लिए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बठिंडा और आस-पास के जिलों में पुलिस बल तैनात की गई है।”
आगे कहा, “हमने लगभग 1500 जवान तैनात किए हैं। अब तक कोई हिंसा की घटना नहीं सामने नहीं आई है।” आगे पढ़िए जलंधर में गुरुद्वारे के बाहर AAP नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या, 8 से 9 राउंड फायरिंग
