सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर के पास चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन में हेरोइन की तस्करी करने वाले दो नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पंजाब पुलिस के एक कॉन्स्टेबल और एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनसे कुल 23.823 किलो हेरोइन जब्त की गई है।

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब पुलिस के जिस कॉन्स्टेबल को पकड़ा है, उसका नाम करनदीप सिंह है।

करनदीप सिंह की तैनाती तरनतारन जिले में इंटरनेशनल बॉर्डर पर अलग-अलग जगहों पर लगे एंटी-ड्रोन सिस्टम पर थी।

बीएसएफ के जवानों ने कांस्टेबल को रोका

सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल करनदीप सिंह को तरनतारन के सराय अमानत खान इलाके में जांच के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक टीम ने रोका। बीएसएफ के जवानों को उस पर शक हुआ। तलाशी के दौरान उसकी कार से 16 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। कांस्टेबल को पकड़ने के बाद बीएसएफ ने इस मामले की जानकारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को दी। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि करनदीप सिंह इन दिनों दो दिन की छुट्टी पर था।

शुरुआती जांच में पता चला है कि करनदीप ड्रग्स का आदी था और उसने बॉर्डर के उस पार से ड्रग्स की तस्करी की थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पंजाब सरकार ने पिछले साल अगस्त में सीमावर्ती इलाकों में एंटी-ड्रोन सिस्टम को शुरू किया था। राज्य सरकार का मकसद पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये होने वाली नशे और हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाना था।

गुरपंथ और हरमनजीत कौर गिरफ्तार

एक अलग ऑपरेशन में, पठानकोट पुलिस ने अमृतसर ग्रामीण के वडाला गांव के रहने वाले गुरपंथ और गुरदासपुर जिले के धियानपुर गांव की रहने वाली उसकी साथी हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया। गुरपंथ से 590 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उससे पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के आधार पर फतेहगढ़ चूड़ियां में एक किराए के मकान पर छापा मारा गया। एसएसपी ने बताया कि छापे के दौरान हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने उस जगह से 7.233 किलोग्राम हेरोइन और बरामद की।

अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान खास सील और पाकिस्तानी निशान वाले पैकेट बरामद किए गए। पुलिस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

यह भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

पंजाब के मानसा जिले में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी अश्विनी कुमार के खिलाफ प्रशासन ने कठोर कार्रवाई की है। प्रशासन ने भारी सुरक्षाबलों की मौजूदगी में अश्विनी कुमार के घर पर बुलडोजर चला दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।