‘सियासत पंजाब दी’ में आपका स्वागत है। सोमवार को पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र में भगवंत मान सरकार पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आई। पंजाब सरकार ने मानसून सत्र के अंतिम दिन नौ विधेयक पारित करवा लिए। मानसून सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने अपनी ही सरकार के काम पर सवाल खड़े कर दिए। इस दौरान एक निर्दलीय विधयक ने अपनी विधानसभा में पुलिस व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगा दिए। उन्होंने अपने जिले के एसएसपी को हटाने की मांग भी की।

इसके अलावा ‘सियासत पंजाब दी’ में जानेंगे पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी-अकाली गठबंधन के कयासों पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने क्या कहा। सोमवार को अमृत पाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला प्रत्याशी भी घोषित कर दिया और पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भगवंत मान सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में अन्य सूबे के युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं।

पंजाब विधानसभा के आखिरी दिन तीन घंटे में नौ विधेयक पारित

सोमवार को भगवंत मान सरकार ने पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन सिर्फ तीन घंटे में नौ विधेयक पारित करवा लिए। इन विधेयकों में से कुछ महज दो मिनट में पास हो गए। जिन विधेयकों को पारित करवाया गया, उन्हें स्कूल फीस से जुड़ा बिल शामिल है। इस बिल में प्राइवेट स्कूलों में होने वाली सालाना फीस वृद्धि 5% तक सीमित कर दी गई। इसके अलावा आउटसोर्सिंग वाले कर्मचारियों को सरकारी अनुबंध में शामिल करने के लिए लाया गया बिल भी पास हो गया। पंजाब सरकार का दावा है कि 26000 से ज्यादा कर्मचारियों को इससे फायदा होगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

आम आदमी पार्टी के किन विधायकों ने उठाए अपनी सरकार पर सवाल

आम आदमी पार्टी के दो विधायकों मनजिंदर सिंह लालपुरा और सर्वजीत कौर मानूंके ने सोमवार को विधानसभाओं में अधूरे सड़क निर्माण को लेकर अपनी ही सरकार के काम के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए। जगराओं से विधायक सरवजीत कौर मानूंके ने अधूरी व खुदी पड़ी सड़कों के निर्माण में देरी और मंशा की कमी पर सवाल उठाए। 

विधायक मंजीत सिंह लालपुरा ने सवाल किया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई सड़कों की मरम्मत के लिए ठेकेदारों को बहुत अधिक टाइम क्यों दिया जाता है। उन्होंने सवाल किया कि सड़क पर रोड़ी बिछाने के बाद काम पूरा करने की कोई अधिकतम सीमा है और क्या सरकार जल्द से जल्द काम पूरा करने के लिए समय सीमा घटाने पर विचार कर रही है।

निर्दलीय विधायक ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल

सुलतानपुर लोधी विधानसभा सीट से विधायक राणा इंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को विधानसभा में दावा किया कि उनके क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार और जिस्मफरोशी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इसके लिए उन्होंने कपूरथला के एसएसपी गौरव तौरा को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। इस पर पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि लिखित शिकायत देने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने कार्रवाई करवाई है और बीडीपीओ के खिलाफ एक्शन लिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

पंजाब की नौकरियां हरियाणा-राजस्थान को दे रही मान सरकार: बाजवा

कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोमवार को आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन में नौकरियां हरियाणा और राजस्थान के युवाओं को दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में भर्ती हुए 13 मल्टी-हेल्थ वर्करों में से दस हरियाणा के थे। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि PSPCL में 14 अभ्यर्थी राजस्थान के श्रीगंगानगर से चुने गए।

बाजवा के आरोपों मान सरकार के मंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कुल 237 नौकरियां दी गई हैं, 13 नहीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंंजाब के युवा हरियाणा और राजस्थान में नौकरी पाते हैं, उसी तरह अन्य प्रदेशों के युवा भी यहां नौकरी कर सकते हैं क्योंकि देश एक है और ये नियम पहले से चले आ रहे हैं।

वारिस पंजाब दे ने किसे बनाया अपना प्रत्याशी?

अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला प्रत्याशी सोमवार को घोषित किया। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को अपना पहला उम्मीदवार बनाया है। सतवंत सिंह केहर सिंह के बेटे है। केहर सिंह को इंंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराने के बाद फांसी की सजा दे दी गई थी।

क्या बीजेपी – अकाली के बीच होगा गठबंधन?

दिल्ली से लेकर पंजाब तक बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। सोमवार को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीजेपी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है। सुखबीर सिंह बादल की पीएम मोदी से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन जैसी कोई बात नहीं है। पीएम 140 करोड़ लोगों की आवाज हैं, अगर वो कोई उनसे मिलना चाहता है तो पीएम मोदी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

यह भी पढ़ें: ‘पंजाब की संस्कृति’ के नाम पर पहरेदारी? निहंगों पर क्यों लगते रहे हैं हिंसा और ‘मॉरल पुलिसिंग’ के आरोप

निहंग हाल के वर्षों में हिंसक घटनाओं को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। अप्रैल 2020 में पटियाला में एक पुलिसकर्मी पर हमले के मामले में निहंगों का नाम सामने आया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।