हरियाणा और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में वांछित 29 वर्षीय संदिग्ध आतंकी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। संदिग्ध की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के अलिके गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह उर्फ ​​कुलवंत अली के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि ​​कुलवंत सिंह फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी पुलिस स्टेशन में 13 सितंबर को हुए ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित था।

मौसी के घर छिपा था कुलवंत सिंह

​​कुलवंत सिंह 26 अक्टूबर की रात को फरीदाबाद पहुंचा था और छैंसा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंचायती झुग्गी गांव में अपनी मौसी के घर छिपा हुआ था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पंजाब पुलिस को फरीदाबाद में उसके मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स, फरीदाबाद जिला पुलिस और पंजाब पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया और फाजिल्का ले गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुलवंत सिंह पाकिस्तान में मौजूद लोगों के संपर्क में था और उन्हीं के इशारे पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि वह पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और आतंकी गतिविधियों से जुड़े शहजाद भट्टी गिरोह से भी जुड़ा हुआ था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुलवंत सिंह पर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में आठ किलोग्राम आरडीएक्स, विदेशी पिस्तौल और गोला-बारूद की खेप बरामद होने के मामले से जुड़े होने का भी संदेह है। यह खेप पाकिस्तान से एक ड्रोन के जरिए गिराई गई थी।

पुलिस स्टेशन के बाहर फेंका था ग्रेनेड

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलवंत सिंह के इशारे पर दो संदिग्धों ने 13 सितंबर को फाजिल्का में पुलिस स्टेशन के बाहर ग्रेनेड फेंका था। उन दोनों को अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्होंने बताया था कि वे कुलवंत सिंह के कहने पर काम कर रहे थे। माना जा रहा है कि कुलवंत सिंह ही इस मामले का मास्टरमाइंड है।

कुलवंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और कथित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। फरीदाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब पुलिस की एक टीम कुलवंत सिंह को अपने साथ ले गई।

यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे को रोकना इतना मुश्किल क्यों है? 

पंजाब में चुनाव नजदीक हैं और नशे की समस्या एक बार फिर सुर्खियों में है। 28 अक्टूबर को पुलिस ने कथित तौर पर ओवरडोज से जान गंवाने वाले एक व्यक्ति का शव अपने कब्जे में ले लिया। परिवार शव लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहा था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।