पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ‘ड्रग्स मुक्त पंजाब’ की बात हर राजनीतिक दल कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पंजाब नशे की समस्या से लगातार जूझ रहा है। फाजिल्का जिले से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, घट्टियांवाली जट्टान गांव में 17 साल का अभिजोत सिंह बुधवार रात एक खाली मकान में बिस्तर पर मृत मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हुई है।
हैरानी की बात यह है कि करीब 14 महीने पहले उसके पिता हरजिंदर सिंह की भी कथित तौर पर इसी तरह की परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने अभिजोत की मां हरप्रीत कौर के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी बीएस रंधावा का बयान
इस मामले में जलालाबाद डिवीजन के डीएसपी बीएस रंधावा ने कहा है, “17 साल के अभिजोत की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की मां के बयान के आधार पर कुछ लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। हम कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करेंगे।”
गांववालों ने किया ड्रग्स से मौत का दावा
पुलिस के मुताबिक, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि मौत की असल वजह के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अभिजोत के गांव के लोगों का कहना है कि जिस खाली मकान से उसका शव बरामद हुआ है वहां नशा खरीदने और उसका सेवन करने के लिए ही लोग इकट्ठा होते हैं। बुधवार की रात जब अभिजोत भी घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान ही उसका शव मकान के अंदर मिला।
डेडबॉडी के पास से मिला था यह सामान
शव के पास सबसे पहले पहुंचने वाले ग्रामीणों ने बताया है कि अभिजोत की बॉडी के पास लाइटर, सिल्वर फॉइल और बिना सुई वाली इस्तेमाल की हुई सिरिंज पड़ी थी। इन चीजों के मिलने से ड्रग्स के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का कारण अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिजोत की मौत से करीब दो दिन पहले ही वह नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था। उसने दसवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
पिता की पिछले साल हो गई थी मौत
अभिजोत के परिवार में उसकी मां और दादी हैं। अभिजोत के पिता हरजिंदर सिंह की करीब डेढ़ साल पहले जून 2025 में इसी तरह मौत हो गई थी। गांववालों का दावा है कि हरजिंदर भी सिंथेटिक ड्रग्स का इंजेक्शन लेते थे। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अभिजोत की मां ने अपने बयान में पिता की मौत का भी जिक्र किया है।
5 लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज
अभिजोत की मौत के मामले में दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर किशोर को ड्रग्स की सप्लाई की थी। एसएसपी के मुताबिक, मौत की वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हरप्रीत कौर के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में नशे को रोकना इतना मुश्किल क्यों, पाकिस्तान से आता है चिट्टा, लेकिन समस्या केवल इतनी नहीं । EXPLAINED
पंजाब करीब डेढ़ दशक से नशे की समस्या से जूझ रहा है, लेकिन हालात में सुधार के संकेत नहीं मिल रहे हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के सितंबर में जारी 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, नशीले पदार्थों की तस्करी के सबसे ज्यादा मामले (6060) पंजाब में दर्ज हुए। नशे की ओवरडोज से राज्य में 106 लोगों की मौत हुई। इस मामले में पंजाब तमिलनाडु के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जहां 313 लोगों की जान गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…
