पंजाब के मालेरकोटला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच एक बार फिर झड़प की खबरें सामने आ रही हैं। पंजाब कांग्रेस इन दिनों हर बूथ कांग्रेस मजबूत अभियान चला रही है, इसी कार्यक्रम के अंतिम दिन मालेरकोटला में कुछ कांग्रेस नेताओं के बीच मंच पर चढ़ने की कोशिश के दौरान झड़प हो गई।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल बैठक में शामिल हो रहे थे। इससे पहले भी कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में ही आमने-सामने आ चुके हैं।

कैसे बढ़ा यह मामला?

पीटीसी न्यूज के मुताबिक, यह मामला तब बढ़ा जब कांग्रेस के पूर्व विधायक जसवीर सिंह जस्सी ने मंच पर चढ़ने की कोशिश की तो रजिया सुल्ताना के समर्थकों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। बढ़ते तनाव को देख पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग मंच से उतरे और भीड़ को शांत करने लगे।

लुधियाना में भी आमने-सामने आए पार्टी कार्यकर्ता

इसी सप्ताह के गुरुवार को लुधियाना के इसी कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समर्थकों की ओर से वड़िंग जिंदाबाद के नारे लगाए जाने के जवाब में चन्नी और वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु के समर्थकों ने ‘बघेल वापस जाओ’ ‘आशु जिंदाबाद’ और ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए गए थे। इसी नारेबाजी के बीच ही राजा वड़िंग ने कहा, “आरएसएस के चमचों बाहर जाओ… लुधियाना किसी आरएसएस एजेंट का नहीं है। लुधियाना पंजाबियों का है।” इस मामले ने भी खासा तूल पकड़ा है।

पटियाला में भी हुई थी झड़प

इससे पहले अगस्त की शुरुआत में ही पटियाला जिले में भी कांग्रेस के इसी अभियान (हर बूथ कांग्रेस मजबूत) के दौरान पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के समर्थकों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं थीं। यहां मंच पर वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के दौरान ही दोनों गुटों में हाथापाई और कुर्सियां तक चली थीं।

यह मामला तब बढ़ा था जब मंच से राजा वडिंग भाषण देने लगे तो चन्नी गुट के नेताओं ने चन्नी जिंदाबाद और चन्नी लाओ पंजाब बचाओं के नारे लगाने लगे, जिस कारण राजा वडिंग के समर्थक उनसे भिड़ गए।

यह भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण कानून पर अकाली दल का केंद्र को समर्थन, पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज

शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने शनिवार को केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए परिसीमन और महिला आरक्षण कानून का समर्थन किया है। अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया कि इस संबंध में शनिवार को चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें