पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गुरप्रीत कौर ने गुरुवार (7 जुलाई 2022) को गुरुद्वारा में सादगी से शादी कर ली। उनकी शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए। भगवंत मान की ये दूसरी शादी है। वहीं, 32 साल की डॉक्टर गुरप्रीत कौर महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय, मुलाना, अंबाला से एमबीबीएस डिग्री धारक हैं।
भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर के पिता के पास कनाडा की नागरिकता है और उनकी दो बहनें अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं। गुरप्रीत कौर तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। उनका नाता सियासी परिवार से है। वह पिहोवा गांव से ताल्लुक रखती हैं। यह एक अरेंज मैरिज है, जिसमें कौर के परिवार से मान की मां हरपाल कौर परिचित थीं। गुरुप्रीत कौर हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं। फिलहाल वो पंजाब में रहती हैं। वो भी सिख समुदाय से हैं। ऐसे में दोनों की शादी सिख रीति-रिवाजों के हिसाब से हुई।
मां और बहन ने चुनी है लड़की: दरअसल, सीएम मान की मां की लंबे समय से तमन्ना थी कि वह दोबारा अपना घर बसाएं। ऐसे में उनके लिए दूसरी पत्नी को मां और बहन ने ही चुना है। इस शादी के आयोजन का पूरा खर्च भी खुद सीएम भगवंत मान ही उठा रहे हैं। साल 2016 में भगवंत मान का उनकी पहली पत्नी इंद्रजीत से तलाक हो गया था। जब भगवंत मान से पूछा गया था कि ऐसा क्यों कर रहे हैं तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा था कि मुझे पंजाब और परिवार दोनों में से एक ही चुनना है और उन्होंने पंजाब को चुन लिया था।
2015 में हुआ था तलाक: पंजाब के सीएम की पहली पत्नी का नाम इंदरप्रीत कौर है। मान का पहली पत्नी से छह साल पहले डिवोर्स हो चुका है। मार्च 2015 में दोनों ने आपसी रजामंदी से तलाक लिया था। दोनों के एक बेटी सीरत कौर मान (उम्र 21 साल) और एक सत्रह साल का बेटा दिलशान सिंह मान है। दोनों अमेरिका में अपनी मां के साथ रहते हैं। सीएम मान के दोनों बच्चे अपने पिता के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने भारत आए थे।
सीएम भगवंत मान की शादी बहुत ही साधारण तरीके से हुई। इस शादी का सारा इंतजाम चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास में ही किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी में सब्जियों के मेन्यू में खुबानी स्टफ कोफ्ता, कलोंजी वाले आलू, कड़ाही पनीर, मशरूम प्याज, वेजिटेबल जलफ्रेजी, चना मसाला, तंदूरी कुल्चे, दाल मखनी शामिल है। वहीं स्वीट्स में मेहमानों को अंगूरी रसमलाई, माह दी जलेबी, मूंग दाल का हलवा, शाही टुकड़ा, ड्राई फ्रूट राबड़ी, हॉट गुलाब जामुन खाने को मिलेंगे।