Punjab CM Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सांसद राघव चड्ढा के ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ वाले बयान को लेकर उन्हें जवाब दिया है। राघव चड्ढा ने कुछ दिन पहले कहा था कि आम आदमी पार्टी उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे वह उनकी ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ हो।

इंडिया टुडे के पंचायत कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस सवाल के जवाब में कहा कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को बहुत सम्मान दिया लेकिन वह उसे संभाल नहीं पाए।

आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे चड्ढा

राघव चड्ढा ने कुछ महीने पहले पार्टी के सात सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी और यह सभी सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे। चड्ढा एक वक्त में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री मान के करीबी लोगों में शामिल थे।

भगवंत मान ने कहा, “हमने राघव को मान-सम्मान दिया, उनको राज्यसभा में भेजा वहां उन्हें डिप्टी लीडर बनाया लेकिन अगर किसी से मान-सम्मान नहीं संभाला जाए तो उसमें हम क्या करें।”

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राजनीति में जो मिलता है उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। इसके बाद उन्होंने कहा, “कौवा चला हंस की चाल अपनी भी भूल गया।” मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अब देखना होगा कि राघव चड्ढा कहां जाते हैं? मान ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता कि बीजेपी राघव चड्ढा को केंद्र में मंत्री बनाएगी।

यह भी पढ़ें- ‘BJP पंजाब से नशा खत्म करने में सक्षम’

बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब को ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) से मुक्त करने के लिए पार्टी को लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब से नशे की समस्या खत्म करने में सक्षम है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।