Punjab Budget News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अहमदाबाद में घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी आठ मार्च को अपना बजट प्रस्तुत करेगी। उल्लेखनीय है कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और सामान्यतः विधानसभा की कार्यवाही रविवार को आयोजित नहीं की जाती। ऐसे में इस तिथि का चयन राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल के साथ
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार अपने चुनावी वादे (महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 की आर्थिक सहायता) को इसी बजट में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। आप सरकार मार्च 2027 में अपना कार्यकाल पूरा करेगी और वित्त वर्ष 2026-27 का यह बजट उसका अंतिम पूर्ण बजट होगा। इसलिए इसे विशेष महत्व का बजट माना जा रहा है। मुख्यमंत्री मान दो दिवसीय गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल के साथ हैं।
सूत्रों का कहना है कि योजना की रूपरेखा को अंतिम रूप देने से पूर्व विस्तृत वित्तीय आकलन किया जा रहा है। चर्चा है कि योजना को सार्वभौमिक रूप से लागू करने पर लगभग 10,000 करोड़ का वार्षिक व्यय आएगा, जबकि यदि इसे केवल निम्न आय वर्ग की महिलाओं तक सीमित किया जाए तो लगभग 6,000 करोड़ का प्रावधान पर्याप्त हो सकता है।
आम आदमी पार्टी की सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि योजना को स्वैच्छिक बनाया जाए, जिससे जो महिलाएं लाभ नहीं लेना चाहतीं, वे स्वयं को इससे अलग कर सकें। आयकर दाताओं को योजना से बाहर रखने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। इससे प्रदेश पर आर्थिक बोझ कम होने की संभावना होगी।
राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से लिया जाएगा अंतिम निर्णय
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार अंतिम निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से लिया जाएगा। वित्तीय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह भी विचार किया जा रहा है कि राशि एकमुश्त देने के बजाय मासिक किस्तों में हस्तांतरित की जाए। इससे राजकोष पर अचानक पड़ने वाले भार और ब्याज हानि से बचा जा सकेगा।
