Punjab Terror Plot Foiled: पंजाब पुलिस ने शनिवार को कहा कि उसने विदेश स्थित एक आतंकी गिरोह का भंडाफोड़ करके दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ आरडीएक्स से भरा और पूरी तरह से तैयार एक परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है।
विदेशी आतंकी गिरोह का भंडाफोड़
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एसएएस नगर पुलिस की राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान चलाया और एक विदेशी आतंकी गिरोह का भंडाफोड़ किया। अभियान के दौरान लगभग 2.5 किलोग्राम वजन का एक पूरी तरह से तैयार किया गया आरडीएक्स से भरा आईईडी, जिसमें दोहरे विस्फोट तंत्र (रिमोट और टाइमर) लगे थे, एक ग्लॉक पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया।
डीजीपी ने बताया कि विदेशी एजेंटों के निर्देशों पर काम कर रहे दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि लक्षित लक्ष्य के संबंध में आगे के निर्देशों के लिए उन्होंने आईईडी को एसबीएस नगर बाईपास के पास छिपा दिया था। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या
गौरतलब है कि पंजाब में आतंकी गतिविधियां अक्सर सामने आती हैं। बीते महीने यहां के गुरदासपुर में एक जांच चौकी पर दो पुलिसकर्मियों के शव मिले थे। उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी। इस घटना के एक दिन बाद, पाकिस्तान में रह रहे एक गिरोहबाज ने शहजाद भट्टी सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो पोस्ट किया था जिसमें एक अज्ञात शूटर पुलिसकर्मियों में से एक पर बेहद करीब से गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है।
इस अपुष्ट वीडियो को तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नामक संगठन ने भी साझा किया, जिसने रविवार को हुई हत्याओं की जिम्मेदारी ली थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है।
इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था – हम माहौल खराब करने वालों को बख्शेंगे नहीं। पाकिस्तान ने कातिलों को स्पॉन्सर किया था। लेकिन यह केवल पंजाब पर नहीं देश पर हमला था। पजंब इंडिया का गेट-वे है। भारत पर होने वाले हर हमले को रोकने के लिए पंजाब पुलिस के बहादुर जवान और BSF डटकर खड़े हैं।
