Punjab BJP Chief Kewal Singh Dhillon: पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और मुख्यमंत्री हंसी-मजाक करने में व्यस्त हैं। उन्होंने अमृतसर में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मैड संधू और लुधियाना में पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की हत्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर हमला बोला।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “पंजाब कभी शांति, भाईचारे और वीरता के लिए जाना जाता था लेकिन मौजूदा सरकार की नाकामी के कारण राज्य में अपराध और नशीली दवाओं का संकट गहराता जा रहा है।”

लुधियाना और अमृतसर में क्या हुआ?

पंजाब के लुधियाना में शनिवार शाम को दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए शख्स की पहचान नवतेज सिंह के रूप में हुई है। लुधियाना के लाडोवाल वाले इलाके में नवतेज सिंह जब अपनी गाड़ी से जा रहे थे तो हमलावरों ने उन्हें रोका और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम को करीब 7 बजे हुई। उस वक्त नवतेज सिंह अपनी इनोवा कार में अकेले मानेवाल गांव से कृष्णा नगर स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। नवतेज को तुरंत दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौके पर कम से कम छह गोलियां चलाई गईं।

नवतेज सिंह के बेटे आलमजीत सिंह ने कहा कि योजना बनाकर उनके पिता की हत्या की गई। शिकायत में उन्होंने अपने चाचा पाल सिंह, परिवार के सदस्यों और वर्तमान ग्राम प्रधान सहित आठ लोगों का नाम लिया है।

इससे पहले अमृतसर में शनिवार शाम को सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मैड संधू की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में उन पर फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल संधू को अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बोले- केजरीवाल असली तानाशाह

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना को पार्टी से निलंबित किए जाने को लेकर यह आलोचना की है। परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को असली तानाशाह करार दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।