पंजाब के मोगा की रहने वाली 98 साल की महिला को मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैंसर का कैशलेस इलाज मिला है। महिला का नाम मुख्तियार कौर है और उन्हें कैंसर में कीमोथेरेपी से जुड़ा उपचार दिया गया। इस उपचार का पूरा खर्च पंजाब सरकार के द्वारा बनाए गए सेहत कार्ड के जरिए हुआ। मुख्यमंत्री भगवत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का कहना है कि वह समाज के कमजोर वर्गों को बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने का प्रयास कर रही है।
कैशलेस इलाज मिलने से बुजुर्ग महिला मुख्तियार कौर और उनके परिवार को काफी राहत मिली है। मुख्तियार कौर का इलाज अच्छी दवाओं और चिकित्सा के जरिए किया गया।
मुख्तियार कौर के पास सेहत कार्ड होने की वजह से ही उनका इलाज जल्द से जल्द शुरू हुआ।
इलाज के दौरान बुजुर्गों की देखभाल करने वाले परिवारों के लिए बार-बार अस्पताल जाना और इलाज का खर्च उठाना भी चिंता का विषय बन जाता है। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत इस समस्या का समाधान करते हुए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसका मकसद यह है कि परिवार पूरी तरह मरीज की देखभाल और उनके बेहतर स्वास्थ्य पर ध्यान दे सके।
क्या बोले स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री?
इस योजना के बारे में पंजाब सरकार के स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सेहत योजना यह सुनिश्चित कर रही है कि पंजाब के बुजुर्ग मरीजों को बिना किसी आर्थिक कठिनाई के समय पर और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलें, साथ ही उनकी गरिमा भी बनी रहे। जीवन के इस चरण में उपचार तक पहुंच अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह योजना परिवारों को आत्मविश्वास के साथ यह देखभाल सुनिश्चित करने में सक्षम बना रही है।”
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत हर परिवार को हर साल 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर दिया जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री सेहत योजना के लाभार्थी पंजाब सरकार के द्वारा लिस्ट में शामिल किए गए सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं।
9 लाख से ज्यादा सेहत कार्ड जारी कर चुकी है सरकार
पंजाब सरकार के मुताबिक, अब तक 9 लाख से ज्यादा सेहत कार्ड जारी किए जा चुके हैं और लोग 900 से अधिक अस्पतालों में 2300 से ज्यादा इलाज पैकेजों के तहत अपना इलाज करा रहे हैं। पंजाब सरकार लोगों से सेहत कार्ड बनवाने के लिए आगे आने की अपील कर रही है जिससे वे मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का फायदा ले सकें। सेहत कार्ड सरकार द्वारा निर्धारित केंद्रों पर बनाए जा सकते हैं।
