पंजाब में फिर खाकी पर हमला हुआ है। तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं गांव में रविवार शाम को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

फिरोजपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर जिले के मखू में तैनात एएसआई इकबाल सिंह घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने बेहद करीब से कई गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां इकबाल सिंह को लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम तैनात की गई हैं। डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने कहा, “हमें कुछ सुराग मिले हैं और हम उन पर काम कर रहे हैं। हम जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेंगे।”

हत्या के कुछ देर बाद विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हत्या की जिम्मेदारी ली है।

पुलिस पर लगातार हो रहे हमले

इससे पहले, चार अक्टूबर को अमृतसर में मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने एक एएसआई पर गोली चलाई थी। अमृतसर में सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) में तैनात सुखचैन सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी थी। पिछले महीने 18 और 19 सितंबर की दरमियानी रात अमृतसर की भगतांवाला अनाज मंडी में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मई में मजीठा में एएसआई जोगा सिंह की हत्या कर दी गई थी। गुरदासपुर जिले के दोरंगला में भी दो पुलिसकर्मी मारे गए थे। 12 सितंबर को राजासांसी इलाके में एएसआई जसवंत सिंह को निशाना बनाकर गोली चलाई गई लेकिन वह बच गए।

यह भी पढ़ें- ‘बेखौफ घूम रहे हैं अपराधी…’

पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और मुख्यमंत्री हंसी-मजाक करने में व्यस्त हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।