आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना ने शनिवार को अपनी पार्टी के नेतृत्व और पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि वे उनके निर्वाचन क्षेत्र के कुछ सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने सुखवीर सिंह मैसरखाना के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया।

पंजाब के बठिंडा जिले की मौर विधानसभा सीट से विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना ने फेसबुक पर कहा कि शिक्षकों की कमी से जुड़ी उनकी शिकायत का समाधान नहीं होने से परेशान होकर उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया। पंजाब में AAP सरकार के तहत स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों के पार्टी के दावों पर सवाल उठाते हुए विधायक सुखवीर ने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है।

सरकार स्कूल में पढ़ता है AAP विधायक का बेटा

आप विधायक ने कहा कि उनका बेटा भी सरकार के ‘उत्कृष्ट विद्यालय’ में पढ़ता है, जहां शिक्षकों की कमी है। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल के विधायकों में वह अकेले ऐसे विधायक हैं, जिनके बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। विधायक सुखवीर सिंह ने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व के सामने यह मुद्दा उठाने के बाद उन्हें बताया गया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बुलाया है। उन्होंने दावा किया लेकिन सीएम ने मुझसे मुलाकात नहीं की। मैं आखिर कब तक इसे बर्दाश्त करूंगा? मैंने पार्टी का क्या बिगाड़ा है?

आप विधायक सुखवीर सिंह ने कहा कि उन्हें पता है कि आगामी चुनाव में पार्टी उन्हें टिकट नहीं देगी। सुखवीर मैसरखाना ने कहा, ”लेकिन मैं लोगों के लिए लड़ता रहूंगा। मैंने अपनी शिकायत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाई, लेकिन उसका कोई समाधान नहीं हुआ। मुझे बताइए कि मैं कहां गलत हूं।”

दर्ज की जा सकती है FIR- AAP विधायक

सुखवीर मैसरखाना ने आशंका जताई कि उनके खिलाफ FIR दर्ज की जा सकती है। विधायक के इस तरह खुलकर नाराजगी जताने के बाद AAP की पंजाब इकाई के महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि मैसरखाना को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। वहीं AAP विधायक के बयान का हवाला देते हुए प्रदेश भाजपा ने कहा कि उनकी स्थिति ने राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के ‘शिक्षा क्रांति’ के दावे की पोल खोल दी है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह?

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह पंजाब में शिक्षा और खेल मामलों के मंत्री रहे हैं। मौजूदा वक्त में वह जालंधर कैंट सीट से विधायक हैं। परगट सिंह पंजाब की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाली जट सिख बिरादरी से आते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।