Punjab News: पंजाब मंत्रिमंडल ने शनिवार को नशे से संबंधित मामलों के निपटारे में तेजी लाने और अदालतों में लगातार बढ़ रहे मामलों के बोझ को कम करने के लिए 35 विशेष एनडीपीएस (NDPS) अदालतों की स्थापना को मंजूरी दे दी। यह फैसला मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, पंजाब में हर साल एनडीपीएस अधिनियम के तहत लगभग 20,000 मामले दर्ज किए जाते हैं और करीब 27,000 गिरफ्तारियां होती हैं। इनमें से लगभग 12,000 मामलों की सुनवाई सत्र अदालतों में होती है, जबकि हर साल केवल 5,700 मामलों का ही निपटारा हो पाता है।

52,577 मामले अदालतों में लंबित

जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 तक राज्य में एनडीपीएस के 52,577 मामले लंबित पड़े थे, और किसी मामले के निपटारे में औसतन आठ साल का समय लग रहा था। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल ने अगले पांच से सात वर्षों में इस लंबित बोझ को समाप्त करने के लिए अतिरिक्त विशेष अदालतों की आवश्यकता का आकलन किया था।

इसी आधार पर मंत्रिमंडल ने पहले चरण में ऐसी 35 अदालतों को शुरू करने की स्वीकृति दी है। इन अदालतों को सुचारू रूप से चलाने के लिए 385 नए पदों की मंजूरी दी गई है, जिनमें 35 अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, 315 सहायक कर्मचारी और 35 सहायक जिला सरकारी वकील शामिल हैं। इस पूरी व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

सड़क निर्माण का बजट बढ़ाकर 1,333 करोड़ रुपये किया गया

कैबिनेट ने सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए आवंटित बजट में 283.44 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की मंजूरी दी है। इससे इस मद का कुल बजट 1,050 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,333.44 करोड़ रुपये हो गया है।

वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बताया कि बिटुमेन (तारकोल) की कीमतों में वृद्धि के कारण यह फैसला लेना आवश्यक था। सामग्री की लागत बढ़ने से ठेकेदार बजट संशोधन की मांग कर रहे थे, जिससे कई सड़कों का काम प्रभावित होने की संभावना बन गई थी।

वित्त मंत्री ने कहा कि अतिरिक्त बजट से राज्य में जारी सड़क परियोजनाएं बिना किसी रुकावट के पूरी होंगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण और सुधार की योजना तैयार की है।

बायोगैस प्लांट के लिए 39 एकड़ जमीन

भगवंत मान मंत्रिमंडल ने एसएएस नगर (मोहाली) के पास समगौली गांव में कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट लगाने के लिए एचपीसीएल रिन्यूएबल एंड ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को 39 एकड़ जमीन आवंटित करने को भी हरी झंडी दी है। यह प्लांट मोहाली क्षेत्र के गीले कचरे का निपटान करेगा।

वित्त मंत्री ने बताया कि यह परियोजना कचरा प्रबंधन की समस्या को हल करने के साथ-साथ पंजाब में हरित ऊर्जा उत्पादन में अहम योगदान देगी।

बीबीएमबी में भरे जाएंगे 257 पद

कैबिनेट ने भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) में पंजाब से संबंधित 257 खाली पदों को भरने के लिए आवश्यक नियमों को मंजूरी दे दी है। यह प्रक्रिया पिछले कई महीनों से लंबित थी। यद्यपि इन पदों को भरने का निर्णय तीन-चार महीने पहले लिया गया था, लेकिन नियमावली न होने के कारण भर्ती आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब नियम मंजूर होने के बाद भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

पटवारी के पद जिला कैडर में स्थानांतरित

कैबिनेट ने राजस्व विभाग में पटवारियों के ग्रुप सी पदों को राज्य कैडर से हटाकर जिला कैडर में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस कदम से जिला स्तर पर ही सीधी भर्ती और तैनाती आसान हो जाएगी।

लहरा गागा के लिए नई अनाज मंडी

लहरा गागा विधानसभा क्षेत्र के खांडेबाद गांव में 217 कनाल और 14 मरला सरकारी जमीन पर नई अनाज मंडी बनाने की स्वीकृति दी गई है। राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग इस जमीन को 15 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से पंजाब मंडी बोर्ड को हस्तांतरित करेगा, जिसकी कुल कीमत 4.08 करोड़ रुपये होगी।

कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि वर्तमान में मौजूद 12 एकड़ की अनाज मंडी लगभग 40 साल पहले बनी थी। शहर के बीचों-बीच स्थित होने के कारण यह किसानों और आढ़तियों के लिए असुविधा का कारण बन रही थी। नई मंडी बनने से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

अन्य महत्वपूर्ण फैसले

इसके अलावा कैबिनेट ने राजस्व पटवारियों और कानूनगो के सेवा नियमों में संशोधनों को मंजूरी दी, जिससे उनके जिला-स्तरीय कैडर की बहाली का मार्ग प्रशस्त हुआ है। राज्य में श्रम कल्याण और सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन नए नियमों को मंजूरी दी गई। इनमें वेतन कोड (पंजाब) नियम 2026, पंजाब व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति नियम 2026, और पंजाब सामाजिक सुरक्षा नियम 2026 शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: इंडिया गठबंधन की रैली के जवाब में बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ मार्च

इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के जवाब में भाजपा ने दिल्ली और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजिकता हटाओ’ मार्च किया। रोहतक में इस मार्च की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पढ़िए पूरी खबर…