पुणे के पिंपरी स्थित YCM अस्पताल के पोस्टमॉर्टम सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में पोस्टमॉर्टम टेबल पर शराब की बोतलें, खाने-पीने का सामान और प्लेटें रखी दिखाई दे रही हैं। वहीं, पास के सोफे पर एक व्यक्ति सोता हुआ नजर आ रहा है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने दो मेडिकल अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं और जांच के लिए तीन डॉक्टरों की कमेटी बनाने का फैसला लिया है।
YCM अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मारुति गायकवाड़ ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है। इसके बाद पोस्टमॉर्टम सेंटर के इंचार्ज डॉक्टर डॉ. श्रीकांत शिंदे को नोटिस जारी कर रात में हुई घटना की जानकारी तुरंत देने को कहा गया है। वीडियो में दिखाई देने वाले डॉक्टर को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने मामले की पूरी जांच के लिए तीन डॉक्टरों की कमेटी गठित करने की बात कही है।
वीडियो में पोस्टमॉर्टम टेबल पर दिखीं शराब की बोतलें
वायरल वीडियो में पोस्टमॉर्टम टेबल पर शराब की बोतलें, ड्रिंक्स, स्नैक्स और खाने की प्लेटें रखी दिखाई दे रही हैं। पास में एक सोफे पर व्यक्ति सोता हुआ नजर आ रहा है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति रातभर डेथ सर्टिफिकेट लेने के लिए इंतजार कर रहा था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसने वीडियो बनाया, जिसमें वह सो रहे मेडिकल स्टाफ को जगाने की कोशिश करता दिखाई देता है।
इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली गतिविधियों और वहां मौजूद लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: मेडिकल ऑफिसर
डॉ. मारुति गायकवाड़ ने कहा कि वीडियो में जो कुछ दिखाई दे रहा है, वह उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच कमेटी घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाएगी और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में एक डॉक्टर ड्यूटी के दौरान दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके पास एक अन्य व्यक्ति सोता हुआ नजर आ रहा है। उस व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।
पहले भी सामने आ चुकी है अस्पताल की लापरवाही की घटना
YCM अस्पताल पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) के अधीन संचालित होता है। यह पुणे जिले का एक प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां पिंपरी-चिंचवड़, पुणे शहर और आसपास के इलाकों से मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल में करीब 750 बेड हैं।
इससे पहले भी अस्पताल से जुड़ी एक घटना सामने आई थी, जब दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किए जा रहे एक मरीज के चलती एंबुलेंस से बाहर गिरने की खबर आई थी। मरीज को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल ले जाया जा रहा था। उस मामले में अस्पताल प्रशासन ने निजी एंबुलेंस ठेकेदार से ड्राइवर और मरीज के साथ जा रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था।
फिलहाल, पोस्टमॉर्टम सेंटर में कथित शराब पार्टी के मामले में जांच जारी है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही अब घटना की पूरी जानकारी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें: ‘पढ़ा-लिखा था, जानता था कि दहेज गैर-कानूनी है’ कलकत्ता हाईकोर्ट ने पत्नी की हत्या करने वाले व्यक्ति की सजा बरकरार रखी
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने दहेज हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए एक व्यक्ति की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी है। अदालत ने कहा कि वह पढ़ा-लिखा था और जानता था कि दहेज मांगना गैरकानूनी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
