पुणे के हिंजवाड़ी इलाके में एक पेइंग-गेस्ट (पीजी) सुविधा में लव ट्रायंगल ने खूनी रूप ले लिया। स्कूल के दिनों से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में रहे एक युवक और युवती के बीच दूरी बढ़ने के बाद युवती की जिंदगी में एक दूसरे युवक की एंट्री हुई। इसके बाद पुराना प्रेमी कथित तौर पर पीजी पहुंचा और विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला कर 22 वर्षीय युवक की जान ले ली। हमले में युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

एफआईआर के मुताबिक, 5 अगस्त की रात करीब 11 बजे 21 वर्षीय युवती हिंजवाड़ी स्थित एक पीजी में कुछ हफ्तों के लिए रहने पहुंची। उसने पीजी के नए मैनेजर सागर साहदेव गायकवाड़ को अपना बॉयफ्रेंड बताया।

चार दिन पहले शुरू की थी नौकरी

गायकवाड़ को नौकरी शुरू किए महज चार दिन हुए थे। उसने युवती को तीसरी मंजिल पर कमरा दिला दिया। हालांकि, उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि युवती के अतीत से जुड़ा एक व्यक्ति अगले दिन वहां पहुंचने वाला है और यह मुलाकात जानलेवा साबित होगी।

अगले दिन पीजी पहुंचा पुराना प्रेमी

6 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे सोलापुर जिले के पंढरपुर निवासी 23 वर्षीय दिनेश महादेव जांबरे पीजी पहुंचा। उसने वहां के मालिक से कहा कि वह गायकवाड़ से मिलने आया है। पीजी मालिक ने उसकी बात पर शक नहीं किया और उसे ऊपर जाने को कहा। जांबरे चौथी मंजिल पर पहुंचा, जहां गायकवाड़ कमरों का निरीक्षण कर रहा था। इसके बाद दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी और टकराव शुरू हो गया।

लोहे की रॉड से हमला, युवक की मौत

कुछ ही देर बाद पीजी में चीख-पुकार सुनाई दी। लोग चौथी मंजिल पर पहुंचे तो गायकवाड़ खून से लथपथ हालत में पड़ा था। पुलिस के अनुसार, जांबरे लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर रहा था। उसने युवती पर भी रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गायकवाड़ को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवती को आईसीयू में भर्ती कराया गया।

स्कूल के दिनों से था दोनों का रिश्ता

पुलिस के अनुसार, इस वारदात की जड़ें सोलापुर से जुड़ी हैं। जांच में सामने आया कि जांबरे और युवती स्कूल के दिनों से ही रिश्ते में थे। दोनों आगे की पढ़ाई के लिए पुणे आए थे और बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) की पढ़ाई कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, पुणे आने के बाद युवती की गायकवाड़ से नजदीकियां बढ़ गईं। इसी वजह से जांबरे को युवती और गायकवाड़ के रिश्ते की जानकारी हुई और वह पीजी पहुंचा। पुलिस का कहना है कि वहां हुआ विवाद कुछ ही समय में हिंसक हो गया।

हमले के बाद कार से फरार हुआ आरोपी

हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, जांबरे लोगों को धक्का देकर सीढ़ियों से नीचे भागा और एक सफेद मल्टी-यूटिलिटी वाहन से फरार हो गया। पूरी घटना पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश शुरू की।

पुणे-सोलापुर हाईवे पर पुलिस ने बिछाया जाल

हत्या के बाद आरोपी के सोलापुर की ओर भागने की आशंका को देखते हुए पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने पुणे ग्रामीण पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई और पुणे-सोलापुर हाईवे पर उरुली कांचन पुलिस स्टेशन के पास नाकाबंदी की।

कुछ समय बाद वही सफेद एमयूवी नाकाबंदी के पास पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर जांबरे को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए हिंजवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, दोनों युवकों और युवती के बीच संबंधों तथा वारदात से पहले और बाद की घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इस मामले में आगे की जांच के आधार पर कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: चार्जिंग करते समय ई-रिक्शा बैटरी में विस्फोट, गोदाम में आग लगने से दो की मौत

सोमवार के सुबह पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में संदिग्ध विस्फोट के बाद एक गोदाम में आग लग गई। हादसे में 17 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।