Priyanka Gandhi Rally : पार्टी दफ्तर में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में फूंका जोश, बिना बोले चली गईं प्रियंका
Priyanka Gandhi Rally : कांग्रेस महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी पहले यूपी दौरे के लिए लखनऊ पहुंची। यहां उन्होंने अपने भाई राहुल गांधी के साथ 15 किलाेमीटर लंबा रोड शो किया।

Priyanka Gandhi Rally : ‘जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व देना होगा। 55 दिन बाद यहां चुनाव होने हैं इसलिए कार्यकर्ताओं का जोश जगाना होगा। पार्टी अपने पूरे दमखम के साथ यहां लड़ेगी। कांग्रेस किसी भी राज्य में बैकफुट पर नहीं लड़ेगी…पार्टी सभी जगहों पर फ्रंटफुट पर लड़ेगी।’ कांग्रेस दफ्तर में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं को जोश से भर देने वाले राहुल गांधी के इन्हीं भाषणों के साथ सोमवार (02-11-2019) को राहुल और प्रियंका के मेगा रोड शो का समापन हो गया। कांग्रेस दफ्तर में राहुल गांधी जब पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे तो वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। उम्मीद थी कि महासचिव बनने के बाद पहली बार लखनऊ के पार्टी दफ्तर में पहुंची प्रियंका गांधी भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
बहरहाल पार्टी दफ्तर में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक तरफ जहां नेताओं में जान फूंकने की कोशिश की तो वहीं उन्होंने राफेल और रोजगार समेत अन्य मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना भी साधा। राहुल गांधी ने कहा कि ‘राफेल डील में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार का क्लॉज बंद किया। वायु सेना के लोग कहते हैं कि चौकीदार चोर है। पूरे देश को मालूम है कि चौकीदार चोर है। भाषण खत्म करने से पहले राहुल गांधी कार्यकर्ताओं से यह भी कह गए कि जब-जब जरुरत पड़ेगी मैं यहां आऊंगा।’
बता दें कि इससे पहले लखनऊ में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने 15 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। यह रोड शो अमौसी एयरपोर्ट से शुरू हुआ और कई इलाकों से होते हुए गुजरा। इस दौरान भीड़ की वजह से कहीं-कहीं जाम की स्थिति भी बन गई। जैसे-जैसे राहुल और प्रियंका का काफिला सड़क के रास्ते आगे बढ़ा वैसे-वैसे इस रोड शो की कई तस्वीरें भी सामने आईं। एक बार तो रोड शो के दौरान बस की छत पर खड़े राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के रास्ते में बिजली की तारें भी आ गईं। तारो की वजह से काफिला रुका और राहुल तथा प्रियंका गाड़ी बदलकर आगे बढ़े। रास्ते में एक और बड़ी दिलचस्प तस्वीर आई जब राहुल गांधी बस की छत पर ही चाय की चुस्की लेते नजर आए। कांग्रेस दफ्तर पहुंचने से पहले राहुल गांधी और प्रियंका ने हजरतगंज में अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। बता दें कि प्रियंका गांधी अगले चार दिनों तक यहां रहेंगी और 42 लोकसभा सीटों की समीक्षा करेंगी।
कांग्रेस दफ्तर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे। राहुल गांधी ने इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की तो वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने भ्रष्टाचार का क्लॉज बंद किया। वायुसेना के लोग कहते हैं कि चौकीदार चोर है। पूरे देश को मालूम है कि चौकीदार चोर है।
राहुल गांधी ने यहां कहा कि करीब 55 दिन के बाद चुनाव होने हैं इसलिए कार्यकर्ताओं का जोश जगाना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी यहां पूरे दमखम के सााथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहीं भी बैकफुट पर नहीं खेलेगी। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी ने सिंधिया और प्रियंका को जिम्मेदारी दी है।
राहुल गांधी ने कांग्रेस दफ्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व देना होगा। राहुल गांधी ने यहां राफेल का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस दफ्तर पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम के साथ लड़ेगी।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का लखनऊ में 15 किलोमीटर लंबा रोड शो समाप्त हो गया। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार से उतर कर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक बार फिर बस पर सवार हो गए हैं। उनका काफिला अब कांग्रेस दफ्तर की तरफ चल पड़ा है। कांग्रेस दफ्तर तक पहुंचकर यह मेगा रोड शो खत्म हो जाएगा। इससे पहले राहुल गांधी ने रोड शो के दौरान रास्ते में पीएम मोदी पर जबरदस्त निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि अनील अंबानी की जेब में सेना का 30 हजार करोड़ रुपया डाला गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज लखनऊ में रोड शो किया। प्रियंका के साथ उनके भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी रहे। इस मेगा शो की कई तस्वीरें अब तक सामने आ चुकी हैं। हजरतगंज में अंबेडकर की प्रतिमा पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने माल्यार्पण भी किया।
कांग्रेस दफ्तर तक यूपी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का रोड शो चल रहा है। रोड शो के बीच में लोगों से मुखातिब होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 'यूपी में सालों से अन्याय हो रहा है। प्रियंका का लक्ष्य है यूपी में कांग्रेस की सरकार बनाना है।'
रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि 'देश के चौकीदार ने उत्तर प्रदेश तथा दूसरे राज्यों एवं वायुसेना से पैसे चुराए। चौकीदार चोर है। उत्तर प्रदेश देश का दिल है। हम फ्रंट-फुट पर खेलेंगे। सिंधिया जी, प्रियंका जी और मैं तब तक आराम नहीं करेंगे जब तक कि कांग्रेस की विचारधारा वाली सरकार यहां नहीं बन जाती।'
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का काफिला बस से जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा था लोग अपने नेता को देखने के लिए उनके ज्यादा से ज्यादा करीब आने की कोशिश करते नजर आए। रास्ते में राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बस पर बैठे-बैठी ही चाय भी पी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो एक बार फिर शुरू हो गया है। पहले यह काफिला बस से निकाला जा रहा था, जो बिजली के तारों में फंस गया था। इसके चलते बस को रोक दिया गया और नेताओं को सुरक्षा की दृष्टि से उतार लिया गया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो कुछ समय के लिए रोकना पड़ गया है। बताया जा रहा है कि बिजली के तारों की वजह से बस को रोकना पड़ गया है। वहीं, छत पर सवार नेताओं को सुरक्षा की दृष्टि से उतार लिया गया है।
लखनऊ में रोड शो के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने राफेल के पोस्टर दिखए। दोनों बस की छत से राफेल का कटआउट लहराया तो कार्यकर्ताओं ने जमकर ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगाए।
लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान पार्टी कार्यकर्ता राफेल डील को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अपने शरीर पर पेंट कराकर लिखवाया है कि चौकीदार चोर है।
रोड शो के बाद प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद शाम करीब 5:15 बजे राजीव गांधी सभागार का लोकार्पण किया जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रियंका 11 से 14 फरवरी तक हर लोकसभा सीट के हिसाब से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। हर लोकसभा क्षेत्र के लिए एक-एक घंटे का वक्त तय किया गया है।
प्रियंका का रोड शो कानपुर रोड स्थित अमौसी एयरपोर्ट से शुरू हुआ। यह अवध हॉस्पिटल चौराहा, आलमबाग चौराहा, नत्था होटल तिराहा (चारबाग), हुसैनगंज, बर्लिंगटन चौराहा, ओडियन सिनेमा, कैसरबाग चौराहा, लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा। इस दौरान करीब 30 जगह प्रियंका-राहुल का स्वागत किया जाएगा। रोड शो के दौरान ही प्रियंका गांधी महात्मा गांधी, सरदार पटेल और आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगी।
लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट से शुरू हुआ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो अब ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंच चुका है। इसकी वजह से शहर के कई हिस्सों में भीषण जाम लग चुका है। प्रियंका के काफिले का अगला पड़ाव अवध हॉस्पिटल चौराहे पर होगा।
लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच चुका है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी, राहुल गांधी समेत दिग्गज पार्टी नेताओं के स्वागत के लिए तैयार खड़े हुए हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का लखनऊ रोड शो शुरू हो चुका है। फिलहाल उनका काफिला अमौसी एयरपोर्ट से निकल चुका है। इस रोड शो में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया, यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, आरपीएन सिंह भी शामिल हैं।
लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू हो चुका है। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद हैं। वहीं, इस शो में शामिल होने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज नेता राजबब्बर, आरपीएन सिंह भी लकी बस में सवार हो गए हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के लिए लखनऊ पहुंच चुकी हैं। कुछ ही देर में उनका रोड शो शुरू हो जाएगा। बता दें कि इस रोड शो में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज लखनऊ में रोड शो करेंगी। इस दौरान जगह-जगह पोस्टर वॉर नजर आने लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को मां दुर्गा के रूप में दिखाया है। वहीं, बीजेपी ने विरोध में पोस्टर लगाकर लिखा है कि आ रही हूं यूपी लूटने।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का पहला चुनावी रोड शो कुछ ही देर में लखनऊ में शुरू होने वाला है। उनके इंतजार में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। जगह-जगह ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे हैं। प्रियंका के साथ राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लखनऊ आ रहे हैं।
लखनऊ में दोपहर करीब 12 बजे प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू होगा। इसके लिए खासतौर पर पंजाब से ‘लकी बस’ मंगाई गई है। बताया जा रहा है कि यह बस बुलेट प्रूफ है। इसमें एक बटन दबाते ही सीट ऊपर उठने की भी व्यवस्था है।
लखनऊ में होने वाले रोड शो के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी उनके साथ हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लखनऊ में प्रियंका का रोड शो दोपहर करीब 12 बजे शुरू होगा। यह रोड शो करीब 14 किलोमीटर लंबा होगा।
लखनऊ में प्रियंका गांधी के रोड शो में शामिल होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली स्थित आंध्र भवन पहुंचे। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की भूख हड़ताल का समर्थन किया। साथ ही, कहा कि पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, झूठ ही बोलते हैं।
योगी के मंत्री एसएन सिंह बोले- 'वे इसे रोड शो कहते हैं लेकिन बीजेपी इसे चोर मचाए शोर के रूप में देख रही है। गांधी-वाड्रा परिवार जमानत पर बाहर है। वे रोड शो नहीं कर चोर शो कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश की और खासतौर से लखनऊ की जनता आज उन चेहरों को देखेगी जिन्होंने देश के करीब 12 लाख करोड़ रुपए लूटे हैं।'
लखनऊ में रोड शो के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तैयारी शुरू कर दी है। वे दिल्ली में राहुल गांधी के घर पहुंच चुकी हैं। दोनों कुछ ही देर में लखनऊ के लिए रवाना होंगे। उनके साथ पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लखनऊ आएंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ में रोड शो के लिए दिल्ली से रवाना हो चुकी हैं। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हैं। प्रियंका लखनऊ में 14 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का पहला यूपी दौरा आज से लखनऊ में शुरू हो रहा है। उनके स्वागत में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। वहीं, कुछ पोस्टरों में उन्हें दुर्गा रूप में दिखाया गया है। इन पर लिखा है, ‘‘मां दुर्गा का रूप बहन प्रियंका जी का लखनऊ आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। दहन करो झूठे मक्कारों की लंका बहन प्रियंका बहन प्रियंका।’’
पार्टी नेताओं की मानें तो प्रियंका रोजाना करीब 13 घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान वे 42 लोकसभा सीटों की समीक्षा भी करेंगी। उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहेंगे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, प्रमोद तिवारी व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला 9 फरवरी को ही लखनऊ पहुंच गए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के रोड शो को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘‘लखनऊ आ रहा हूं। प्रियंका गांधी वाड्रा जी और ज्योतिरादित्य सिंधिया जी साथ होंगे। दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ के हवाई अड्डे से पार्टी मुख्यालय तक रोड शो का आयोजन किया गया है। आप सभी से मिलने को उत्साहित हूं।’’
लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित कांग्रेस कार्यालय की सूरत पिछले 4 महीने में पूरी तरह बदल चुकी है। लाइटिंग के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। मीडिया सेंटर की क्षमता 300 से बढ़ाकर एक हजार की गई है। इनके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं-नेताओं की बैठक के लिए कॉन्फ्रेंस रूम बनाया गया है।