प्रयागराज के डीएम अभिषेक पांडे ने बीते शनिवार को जिले के एक प्राइमरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वह स्कूल के काम-काज और वहां की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नहीं आए। इतना ही नहीं, उन्होंने बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी लेने वाली दो शिक्षिकाओं को निलंबित करने का आदेश भी दिया।
IANS के अनुसार, जिस समय डीएम अभिषेक पांडे स्कूल पहुंचे, तब स्कूल में सिर्फ नौ बच्चे मौजूद थे जबकि स्कूल में 100 बच्चे पंजीकृत हैं।
मीडिया से बातचीत में अभिषेक पांडे ने कहा, “गत शनिवार को मेरे द्वारा पूरे रायजू स्थित सरकारी विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कायाकल्प अभियान के अंतर्गत जो गतिविधियां संचालित करनी थीं, वह सही दशा में नहीं पाई गईं।”
उन्होंने आगे कहा, “स्कूल में जो फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर है उसका अभाव था, नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति न्यूनतम थी और दो शिक्षिकाएं बिना पोर्टल पर अपना अवकाश स्वीकृत कराए मात्र रजिस्टर पर आकस्मिक अवकाश अंकित कर विद्यालय से गायब थीं। यह अक्षम्य लापरवाही है। दोनों टीचर्स को तत्काल प्रभाव से BSA ने निलंबित किया है। संबंधित ABSA को भी सचेत किया गया है कि इस प्रकार से जनपद में स्कूल नहीं चल सकते हैं।”
आगे भी होंगे औचक निरीक्षण
डीएम अभिषेक पांडे ने कहा, “आगे भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान जनपद और तहसील स्तर पर संचालित किए जाएंगे। चाहे वह अस्पताल हो, स्कूल हो, तहसील हो, थाना हो – जहां पर भी व्यक्ति अपने दायित्वों से कोताही बरतेगा, लापरवाही प्रदर्शित करेगा, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। निलंबन मात्र अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रारंभ है, दंड और भी तगड़ा मिलेगा अगर इस प्रकार की गतिविधि चलती रही तो…”
यह भी पढ़ें: राजस्थान के जिस स्कूल में CJP प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर हुआ था विवाद, वहां चला बुलडोजर
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रामपुर (कंवरपुरा) के सरकारी प्राइमरी स्कूल की पुरानी इमारत को बुलडोजर से गिरा दिया गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
