बांकीपुर विधायक और जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य में हो रहे अपराध को लेकर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री को घेरा और कहा कि बिहार में तब तक अपराध मुक्त समाज की बात करना बेईमानी है जब तक सम्राट चौधरी जैसे लोग मुख्यमंत्री रहेंगे।
प्रशांत किशोर से पूछा गया, “लगातार बिहार में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं इसे आप कैसे देखते हैं। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, हमने पहले भी कहा कि बिहार में जब तक सम्राट चौधरी जैसे लोग मुख्यमंत्री रहेंगे तब तक अपराध और अपराध मुक्त समाज की चर्चा और बात करना बेईमानी है। जब सत्ता के शीर्ष पर बैठा हुआ व्यक्ति ही अपराधी प्रवृत्ति का है तो बिहार में अपराध कैसे रुकेगा।”
बिहार की जनता को सोचने और समझने की बात है- पीके
आगे पीके कहा, “आप चाहे जितनी तरह की बात कर लें बिहार में अपराध रुकने वाला नहीं है, लेकिन ये लोगों को तय करना है। बांकीपुर की जनता ने दिखाया है और बिहार की जनता को सोचने-समझने की बात है कि आप गलत लोगों को चुनेंगे, गलत लोगों को कुर्सी पर बिठाएंगे तो गलत ही होगा।
बांकीपुर के लोगों को नौकरी मिलेगी- PK
एक अन्य प्रश्न पर प्रशांत किशोर ने कहा, “क्या 10,000 लोगों को नौकरी नहीं मिलना चाहिए, जब हम नौकरी दे देंगे तो देखिएगा। नहीं देंगे तो आप सवाल पूछिएगा कि आप कहे थे लेकिन आपने नहीं दिया। 10 हजार लोगों को, 10 हजार परिवार से एक व्यक्ति को बांकीपुर क्षेत्र से प्राइवेट सेक्टर में नौकरी मिलनी ही मिलनी है। आपको और विपक्ष को चिंता करने की जरूरत नहीं है, वो अपने क्षेत्र की चिंता करें कि जब बांकीपुर के लोगों को नौकरी मिल जाएगी तो उनके लोग उनसे सवाल करेंगे तो वह क्या जवाब देंगे। बांकीपुर की चिंता वह हम पर छोड़ दें। जब तक मेरा कार्यकाल है मैं अपने वादे को पूरा करुंगा। हमने कहा है कि हम वोट मांगने नहीं आएंगे लेकिन यहां के लोगों को नौकरी जरूर मिलेगी।”
शराबबंदी से बिहार के लोगों का नुकसान
बिहार में शराब बंदी कानून को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि हम शुरुआत से कह रहे कि यह शराबबंदी कानून हटना चाहिए। यह सिर्फ वोट और शराब माफिया और भ्रष्ट तंत्र को फायदा पहुंचाने के लिए रखे हुए हैं। इससे न राज्य का फायदा है और न राज्य के लोगों का फायदा है। यह पूरी तरह शराब माफिया और भ्रष्ट अफसरों का बनाया हुआ तंत्र है। इससे बिहार के लोगों का नुकसान हो रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘अपना CV मेरे ऑफिस में भिजवा दीजिए, हम नौकरी दिलाने में मदद करेंगे’, विधायक बनने के बाद बांकीपुर में बोले प्रशांत किशोर
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतकर सुर्खियों में बने हुए जन सुराज पार्टी के लीडर प्रशांत किशोर विधायक बनने के बाद युवाओं को रोजगार दिलाने पर अपना फोकस बनाए हुए हैं। मंगलवार को बांकीपुर में एक पब्लिक भाषण के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर आपके बच्चे पढ़े-लिखे हैं, लेकिन बेरोजगार हैं तो उनकी पढ़ाई और काबिलियत बताते हुए उनका CV तैयार करके मेरे ऑफिस में भेज दीजिए, हम उन्हें प्राइवेट सेक्टर में अच्छी नौकरी दिलाने में मदद करने की कोशिश करेंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
