राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले में अयोध्या पुलिस गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों और उनके परिवार के लोगों के लगभग 50 बैंक खातों की जांच कर रही है। यह साफ है कि पुलिस ने इस मामले में जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में राम शंकर यादव उर्फ टीनू यादव, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, मनीष यादव, लवकुश मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जांच अफसर चोरी के रुपयों के लेनदेन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, इस बात की जांच की जा रही है कि क्या आरोपियों ने राम मंदिर के दान को व्यक्तिगत या प्रॉक्सी खातों में ट्रांसफर किया? या फिर उसे परिवार के सदस्यों को ट्रांसफर किया या उसे संपत्तियों, वाहनों, आभूषणों या अन्य जगह पर निवेश किया गया।
पुलिस बैंक लेनदेन, हाल के निवेश और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है जिससे यह पता लगाया जा सके कि चोरी किये गये रुपयों का इस्तेमाल संपत्ति खरीदने या निर्माण के काम में तो नहीं किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, जांच अफसर आरोपियों और उनके रिश्तेदारों द्वारा हाल में खरीदी गई संपत्तियों की भी जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कुछ आरोपियों ने हाल में जमीन खरीदी थी और मकान बना रहे थे। सूत्रों ने बताया कि पुलिस आगे की पूछताछ के लिए दो अन्य आरोपियों की भी हिरासत मांग सकती है।
इससे पहले अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को रिमांड पर लेकर उनसे गबन और अन्य संदिग्धों की भूमिका के संबंध में पूछताछ की गई थी।
नृपेंद्र मिश्रा पहुंचे अयोध्या
इस बीच, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को अयोध्या का दौरा किया और हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की। सूत्रों ने बताया कि वह राम मंदिर परिसर में जारी निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे थे। सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद यह उनका पहला दौरा था।
यह भी पढ़ें- ‘मंदिर ट्रस्ट के सीईओ का राम भक्त होना जरूरी’
अयोध्या में स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में हेरफेर के आरोपों के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा तीन सदस्यों वाली सर्च कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी का काम राम जन्मभूमि ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति करना है। इस कमेटी के सदस्य सुरेश हावरे क्या कहते हैं? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
