केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आलोचना की। विजयन ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक रवैया INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन को मजबूत नहीं करता और इससे अक्सर बीजेपी को ही फायदा होता है।

खबरों के मुताबिक, INDIA गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि वह केरल में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण विजयन को गले नहीं लगाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री विजयन ने राहुल की इस टिप्पणी पर कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किसे गले लगाता है। विजयन ने कहा, ”हम सबने राहुल गांधी की नरेंद्र मोदी को गले लगाते हुए तस्वीर देखी है। मुझे उनके द्वारा मोदी को गले लगाने से कोई आपत्ति नहीं है बल्कि उनकी (राहुल गांधी की) टिप्पणियां एक खास राजनीतिक संदेश देती हैं। इससे राहुल गांधी के नजरिये और INDIA गठबंधन के प्रति उनके दृष्टिकोण का पता चलता है।”

भाजपा को होता है फायदा…

विजयन ने कहा कि लोग देख सकते हैं कि डीएमके अब किस स्थिति में है। विजयन ने कहा, “मौजूदा हालात कांग्रेस के रवैये, खासकर राहुल गांधी के रुख की वजह से बने हैं। असलियत यह है कि इस रवैये से INDIA गठबंधन मजबूत नहीं होता। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, इससे अक्सर भाजपा को ही फायदा होता है। ऐसे कदमों से राहुल गांधी ऐसी स्थिति बना रहे हैं जिसमें वह असल में भाजपा के हितों को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।”

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के वरिष्ठ नेता विजयन ने कहा, “सिर्फ हमने (सीपीएम) ही नहीं बल्कि अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं और अन्य बड़े दलों (कांग्रेस को छोड़कर) ने भी बैठक के दौरान आपत्तियां उठाईं और कांग्रेस के रुख के खिलाफ बात की।”

केरल में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान विजयन और राहुल दोनों ने अपने भाषणों में एक-दूसरे पर निशाना साधा था।

यह भी पढ़ें- 28 साल पहले ममता बनर्जी ने क्यों छोड़ी थी कांग्रेस?

4 मई 2026 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ ही ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक पतन की पटकथा लिखी जाने लगी। टीएमसी आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।