पटना सिविल कोर्ट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स और आईईडी जैसे विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया। धमकी की जानकारी मिलते ही सिविल कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया।
ईमेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट हो गया और तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। साथ ही कोर्ट के सभी मुख्य प्रवेश द्वार सील कर दिए गए और परिसर में आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
पटना कोर्ट में शुरू किया गया तलाशी अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद कोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, ईमेल भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अरुण कुमार बताया है और खुद को लिट्टे (LTTE) का सदस्य होने का दावा किया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल साइबर सेल ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी है। ईमेल भेजने वाले की पहचान, उसकी लोकेशन और मंशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। धमकी के कारण सिविल कोर्ट की कार्यवाही भी प्रभावित रही। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही कार्यवाही शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
इससे पहले पिछले महीने भी पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी जिसके बाद परिसर खाली कराया गया था। वहीं, दिल्ली में सोमवार को कम से कम नौ विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। जिसके बाद बड़े पैमाने पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर विद्यालयों को खाली कराया गया। धमकी भरे ईमेल में लिखा था, ”दिल्ली खालिस्तान बन जाएगी। पंजाब खालिस्तान है। अफजल गुरु की याद में।” ईमेल में धमकी दी गई कि 13 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर संसद के अंदर एक विस्फोट होगा। इसके मद्देनजर सुरक्षा सतर्कता और एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ा दिया गया है। पढ़ें- दिल्ली के 9 स्कूलों को बम की धमकी, खाली कराया गया कैंपस
