उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने के दिन जैसे-जैसे कम होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं की जुबानी जंग भी तीखी होती जा रही है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है। चर्चा यह कि आखिर अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव क्यों नहीं लड़ना चाहते हैं। लेकिन अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान कहा कि वह 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सपा प्रमुख ने कहा, “हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे।”

सपा प्रमुख ने काशी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उन्हें शुभ और खराब समय का ज्ञान है। अखिलेश यादव का यह जवाब इसलिअए भी दिलचस्प है, क्योंकि जब वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे तो विधान परिषद के सदस्य थे। 2012 में जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई थी, तब अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय वह लोकसभा सांसद थे। बाद में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट छोड़कर विधान परिषद का रास्ता चुना था। यानी मुख्यमंत्री बनने के लिए उन्होंने सीधे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। अखिलेश यादव 2012 से 2018 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे थे।

पंकज चौधरी ने क्या कहा?

अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तंज कसा है।

पंकज चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “रणछोड़ अखिलेश, पहले चुनौती दी, अब भाग खड़े हुए। अब क्या सीधे लोक सभा से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे? यह बिल्कुल वैसी ही बात है, जैसे बिना चुनाव के रिज़ीम चेंज। यही सपाइयों की सच्चाई है। जब सत्ता में थे, तब नोएडा जाने से डरते थे। अब चुनाव लड़ने से डर रहे हैं।”

अखिलेश यादव ने क्या बोले?

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के इस तंज के बाद अखिलेश यादव ने पंकज चौधरी को निशाने पर ले लिया और एक लंबा-चौड़ा पोस्ट एक्स पर लिखा। जिसमें अखिलेश यादव ने कई सवाल भी पूछे।

अखिलेश यादव ने कहा, “जिनकी खुद की टिकट उनके अपने ही पड़ोसी पक्की नहीं होने दे रहे हैं, वो चुप ही रहें तो ही उनका सम्मान बचा रहेगा।”

सपा प्रमुख ने कहा कि उन्होंने जो टीका-टिप्पणी की है वो भी किसी ‘दुष्मुखी’ के वचनों से प्रेरित लगती है। भगवान कृष्ण के एक अन्य परमार्थी नाम ‘रणछोड़’ को नकारात्मक भाव में प्रयुक्त करके उन्होंने साबित कर दिया है कि उनका ज्ञान कितना सीमित, संकीर्ण व समाज के लिए किस हद तक घातक है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि रही बात लोकसभा से सीधे मुख्यमंत्री बनने की तो वो यह कहकर किसकी ओर इशारा कर रहे हैं, गोरखपुर वाले इस पुरानी रार-तकरार को समझते हैं। गोरखपुर की जनता को सब दिख रहा है, वो काला चश्मा लगाए नहीं बैठी है। अब दिल्ली-लखनऊ की ही आपसी लड़ाई नहीं, गोरखपुर के अंदर भी भाजपा में वर्चस्व की अंदरूनी लड़ाई ‘लिखा-पढ़ी’ में बाहर आ गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटिस देने वालों का उप्र का प्रबुद्ध समाज भूला नहीं है।

सपा प्रमुख ने कहा, “हमने कभी जो प्रश्न पूछे थे आज फिर पूछ रहे हैं क्योंकि तबसे लेकर आज तक ये प्रश्न अनुत्तरित ही रहे हैं :

  • 5 बड़ा या 7?
  • विधानसभा बड़ी या लोकसभा?
  • ⁠राज्य का मंत्री बड़ा या केंद्र का?
  • ⁠प्रदेश का अध्यक्ष बड़ा या देश का?

जिनके नाम का पर्यायवाची ही ‘कमल’ हो, वो ही आपसी लड़ाई में कमल का निशान पाने के लिए तरस जाएंगे, अगर ऐसा नहीं है तो प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते भाजपा का सबसे पहला टिकट वो अपना ही घोषित करें। इति ध्वस्तम्!!!”

उत्तर प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि अब, चूंकि 2027 में समाजवादी पार्टी नहीं आ रही है और BJP कहीं नहीं जा रही है, इसलिए उनके चीफ मिनिस्टर बनने का कोई चांस नहीं है, इसलिए उन्होंने अभी से ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

‘हम CM तभी बनते हैं, जब विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ते…’, अखिलेश यादव ने वाराणसी में कहा- हमें शुभ-अशुभ समय का ज्ञान है

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। वाराणसी में अखिलेश यादव पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनसे कहा गया कि वाराणसी की ही किसी सीट से लड़ लीजिए। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने पुराने रिकॉर्ड का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।