हरियाणा के पंचकूला में सरकारी स्कूल में छह साल की छात्रा पर हमला करने वाले आठ साल के आरोपी बच्चे को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) ने बुधवार को जमानत दे दी। बोर्ड ने घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया से हटाने का भी निर्देश दिया।
यह निर्देश लड़की के पिता की ओर से किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत दायर याचिका पर दिया गया। याचिका में बच्ची की पहचान सुरक्षित रखने के लिए घटना के वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया से हटाने की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान आरोपी बच्चे के पिता ने उसकी जमानत के लिए आवेदन दिया था। उनके वकील मनबीर सिंह राठी ने दलील दी कि बच्चे का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। उसे लगातार हिरासत में रखने से उसकी पढ़ाई, शैक्षणिक प्रगति और समग्र विकास पर बुरा असर पड़ सकता है।
जमानत की अर्जी में यह भी कहा गया कि बच्चे के माता-पिता उसे उचित परामर्श, व्यवहार सुधारने के लिए मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग देंगे। इससे उसे अपने किए की गंभीरता समझने और खुद में सुधार करने में मदद मिलेगी।
वकील की ओर से दाखिल आवेदन में माता-पिता ने यह भरोसा भी दिया कि वे बच्चे को काउंसलिंग में भेजेंगे और संबंधित अधिकारियों की सलाह के अनुसार उसके पुनर्वास के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
बच्ची को अस्पताल से मिली छुट्टी
यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक सरकारी स्कूल की खाली कक्षा में हुई थी। आरोप है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे ने किंडरगार्टन की छह साल की छात्रा पर ईंट से हमला किया। उसने बच्ची के सिर पर कई बार वार किया, उसे बेंच से पटका, स्कूल की टाई पकड़कर घसीटा और कई बार लात मारी। इसके बाद बच्ची बेहोश हो गई।
हमले में बच्ची को कई चोटें आईं। उसे तुरंत चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को छुट्टी मिलने तक उसका इलाज चला।
आरोपी बच्चे को शनिवार को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया था। इसके बाद उसे अंबाला के एक बाल सुधार गृह में भेज दिया गया था।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। इसके बाद सरकार ने हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच के लिए पांच सदस्यों की एक समिति बनाई। सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कराने का भी आदेश दिया, ताकि सुरक्षा में मौजूद कमियों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें-कुलवंत अली फरीदाबाद से गिरफ्तार, पंजाब में पुलिस थाने पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में था वांछित
हरियाणा और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में वांछित 29 वर्षीय संदिग्ध आतंकी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। संदिग्ध की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के अलिके गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह उर्फ कुलवंत अली के रूप में हुई है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
