महाराष्ट्र के पालघर जिले में हिंसा की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यहां कथित तौर पर एक ऑटो-रिक्शा चालक ने चार साल के बच्चे को बेरहमी से पीटा। मासूम के पिता से झगड़ा होने के बाद, उसने बच्चे को उसके पैरों से उठाया और जमीन पर पटक दिया। फिर उसका सिर एक लोहे की रॉड में दे मारा।

यह घटना सोमवार रात वसई की एक हाउसिंग सोसाइटी में हुई, जो CCTV में कैद हो गई। आरोपी की पहचान संदीप पवार के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना संदीप और बच्चे के पिता अतुल कोंधारे के बीच हुई एक छोटी सी बहस से शुरू हुआ, जो बाद में बहुत ज़्यादा बढ़ गई।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण घाडिगांवकर ने समाचार एजेंसी PTI को बताया, “यह क्रूर घटना सोमवार रात करीब 8 बजे हुई। आरोपी ऑटो-रिक्शा चालक संदीप पवार और बच्चे के पिता अतुल कोंधारे के बीच हुई एक छोटी सी बहस ने एक भयानक रूप ले लिया।”

बच्चे की पहचान विघ्नेश के रूप में हुई है। वह एक खड़े ऑटो-रिक्शा के अंदर खेल रहा था, तभी संदीप वहां आया। आरोप है कि उसने उसे पैरों से पकड़कर बाहर खींचा, ऊपर उठाया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद कथित तौर पर वह बच्चे को रिहायशी इमारत के अंदर ले गया और उसका सिर एक लोहे की रॉड से दे मारा। फिर उसे दोबारा नीचे फेंक दिया।

सूत्रों के अनुसार बीच बचाव करने को आगे आईं बच्चे की दादी पर भी हमला किया गया। आरोपी बच्चे को घसीटकर अपने पहले मंजिल स्थित घर तक ले गया था। घायल बच्चे को शुरू में पास के अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बाद में उसे मीरा रोड के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। वह अभी भी इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती है और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

संदीप को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया और तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत, और साथ ही किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें – सड़क पर घसीटा, कपड़े फाड़े और मांग में भरा सिंदूर… बिहार में महिला के साथ हैवानियत

बिहार के नालंदा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक महिला के साथ बदसलूकी की। यह घटना नालंदा जिले के अयापुर गांव की बताई जा रही है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों को शक था कि महिला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। पूरी खबर पढ़ें…