आगरा में एयरफोर्स के परिसर में ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा गुब्बारा मिलने से सनसनी फैल गयी। पुलिस ने रविवार को इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुटी है।

आगरा के सहायक पुलिस आयुक्त गौरव सिंह ने रविवार को बताया, ‘12 फरवरी को वायुसेना की तरफ से शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। वायु सेना के तकनीकी इलाके में विमान के आकार जैसा एक गुब्बारा मिला है और उसका रंग हरा एवं सफेद है।’

सहायक पुलिस आयुक्त गौरव सिंह ने बताया कि इस गुब्बारे में धागा भी बंधा हुआ था। गुब्बारे की पूरी जांच की गयी लेकिन उसमें कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।

बिना चेकिंग म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में जाना चाहते थे आसिम मुनीर

शाहगंज थाने में एफआईआर दर्ज

पुलिस अफसर ने बताया कि इस मामले में शाहगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है और पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जाएगी।

कठुआ में भी मिला था ऐसा गुब्बारा

कुछ दिन पहले ही जम्मू और कश्मीर के सीमावर्ती गांव कठुआ में भी पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के लोगो वाला एक गुब्बारा बरामद किया गया था। पिछले साल जम्मू शहर में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के लोगो वाला हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा मिला था।

राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भी कई बार ऐसी संदिग्ध वस्तुएं देखी गई हैं। गुब्बारों के अलावा जम्मू और कश्मीर में हथियार, ड्रग्स और नकदी ले जाने के लिए आतंकवादियों द्वारा ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया है।

खुफिया एजेंसियों का कहना है कि ऐसे गुब्बारों को भारत की सीमा में भेजने का मकसद सुरक्षा बलों का ध्यान भटकाना और आम नागरिकों में दहशत पैदा करना होता है।

यह भी पढ़ें- इमरान खान को नई जेल में किया जाएगा शिफ्ट