गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद के बेटे को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे वाहनों के मालिकों पर मामला दर्ज किया गया है। उमर को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रहे 28 वाहनों के मालिकों के खिलाफ टोल नाके का बैरिकेड तोड़ने और बिना टोल दिए नवाबगंज टोल प्लाजा पार करने के आरोप में रविवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव की शिकायत पर FIR दर्ज की गयी। पुलिस ने बताया कि वाहनों की पहचान उनके पंजीकरण नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है।

पुलिस के अनुसार, वाहनों में सवार लोगों की पहचान करने और बकाया टोल शुल्क वसूलने के प्रयास किए जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजकर 50 मिनट पर हुई जब उमर को उसके छोटे भाई आबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पुलिस हिरासत में प्रयागराज लाया जा रहा था।

25-30 गाड़ियां उमर को ले जा रहे सरकारी वाहनों के पीछे चल पड़ीं

शिकायत में कहा गया है कि उमर को ले जा रहे सरकारी वाहनों के टोल बूथ संख्या-3 से गुजरने के बाद करीब 25 से 30 निजी वाहन उनके पीछे चल पड़े। शिकायत में कहा गया है ये निजी वाहन कथित तौर पर उमर के समर्थकों के थे।

आरोप है कि इन वाहनों के चालकों ने बूम बैरियर तोड़ दिया और टोल शुल्क का भुगतान किए बिना तेजी से वहां से निकल गए। टोल प्रबंधन ने बिना शुल्क दिए वाहनों के गुजरने के कारण आर्थिक नुकसान होने का दावा किया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस वाहनों और उनमें शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वाहन रजिस्ट्रेशन नंबरों की जांच कर रही है।

अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था उमर

यह मामला उस घटना के एक दिन बाद सामने आया है जब उमर और उनके बड़े भाई अली को भारी सुरक्षा के बीच शनिवार शाम कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाए गए आबान (21) के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पुलिस हिरासत में प्रयागराज लाया गया था। शुक्रवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लखनऊ जेल में बंद उमर और झांसी जेल में बंद अली को अपने छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सशर्त पैरोल मंजूर की थी।

आबान और उसके दोस्त सोनू की गुरुवार को झांसी जिले में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अबान अपने भाई से जेल में मिलने के लिए कुछ साथियों के साथ जा रहा था तभी तेज रफ्तार एसयूवी झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। आबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया गया। अतीक के भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें भी इसी कब्रिस्तान में स्थित हैं।

यह भी पढ़ें: माफिया अतीक के बेटे उमर और अली को प्रयागराज लेकर निकली पुलिस

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद आज उसके शव को प्रयागराज के कसारी-मसारी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाना है। छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद उमर और अली को लेकर पुलिस प्रयागराज के लिए निकल चुकी है। दोनों को अपने छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल में होने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पैरोल दी है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(पीटीआई के इनपुट के साथ)