गुजरात में स्कूली शिक्षा की व्यवस्था को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस (UDISE+) की 2025-26 की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 2,335 स्कूलों में केवल एक शिक्षक तैनात है। इन स्कूलों में 80,053 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।

वहीं, राज्य के 74 शिक्षक ऐसे स्कूलों में तैनात हैं, जहां एक भी छात्र का नामांकन नहीं है। इस स्थिति को लेकर गुजरात शिक्षा विभाग ने जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों (DPEO) और प्रशासनिक अधिकारियों (AO) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की चेतावनी

UDISE+ की रिपोर्ट सामने आने के बाद गुजरात के प्राथमिक शिक्षा निदेशक प्रकाश त्रिवेदी ने राज्य के सभी जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को नोटिस जारी किए। इन नोटिसों में अधिकारियों पर शिक्षकों के खाली पदों को नहीं भरने और स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने का आरोप लगाया गया।

शिक्षा विभाग ने अधिकारियों की इस स्थिति को ‘प्रशासनिक विफलता, आलस्य और कर्तव्य में गंभीर लापरवाही’ बताया। साथ ही, इसे शिक्षा के अधिकार से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों और गुजरात सिविल सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1971 का उल्लंघन करार दिया।

नोटिस में चेतावनी दी गई कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वेतन वृद्धि रोकने जैसे कदम भी शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करें और प्रमाणपत्र जमा कराएं, जिसमें यह पुष्टि हो कि उनके अधीन स्कूलों में निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात बनाए रखा गया है।

अधिकारियों का जवाब- शिक्षक ट्रांसफर करने का अधिकार ही नहीं

शिक्षा विभाग के नोटिस पर अधिकारियों ने अपनी सफाई में कहा कि उनके पास शिक्षकों का तबादला करने या उनकी जगह दूसरे शिक्षक की नियुक्ति करने का अधिकार नहीं है। ऐसे में स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की जिम्मेदारी पूरी तरह उनके ऊपर डालना उचित नहीं है।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नोटिस पाने वाले एक जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि ज्यादातर अधिकारियों ने अपने जवाब में यही बात कही है।

अधिकारी के मुताबिक, शिक्षकों की नियुक्ति और तबादले से जुड़े फैसले राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। जिला स्तर के अधिकारियों को इस तरह के प्रशासनिक अधिकार नहीं दिए गए हैं, इसलिए उनके लिए अपने स्तर पर शिक्षकों की कमी दूर करना संभव नहीं है।

शिक्षा के अधिकार कानून का दिया हवाला

शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को जारी नोटिस में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 की धारा 25(1) और इससे जुड़ी अनुसूची का हवाला दिया। इसके तहत प्रत्येक प्राथमिक स्कूल में निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात बनाए रखना जरूरी है।

नोटिस में कहा गया कि किसी भी स्कूल को केवल एक शिक्षक के भरोसे नहीं चलाया जाना चाहिए। विभाग ने अधिकारियों की निष्क्रियता को बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराने की संवैधानिक जिम्मेदारी के उल्लंघन से भी जोड़ा।

इसके अलावा, गुजरात सिविल सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1971 के नियम-3 का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इस तरह की लापरवाही गंभीर प्रशासनिक विफलता है।

शिक्षा विभाग ने क्या कहा?

गुजरात के प्राथमिक शिक्षा निदेशक प्रकाश त्रिवेदी ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पुष्टि की कि जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नोटिस का जवाब दे दिया है। हालांकि, उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।

त्रिवेदी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन स्कूलों में कोई शिक्षक तैनात नहीं है, वहां अस्थायी शिक्षकों के जरिए पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। हालांकि, इन शिक्षकों की नियुक्ति और वेतन का भुगतान नियमित सरकारी व्यवस्था के तहत नहीं होने के कारण उनका विवरण UDISE+ के आंकड़ों में दर्ज नहीं होता।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मौजूदा भर्ती प्रक्रिया के तहत ऐसे स्कूलों में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति करने का फैसला किया है, जहां केवल एक शिक्षक है या कोई शिक्षक तैनात नहीं है। वहीं, जिन स्कूलों में एक भी छात्र का नामांकन नहीं है, उन्हें बंद करने के निर्देश जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। इस संबंध में प्रक्रिया जारी है।

गुजरात में स्कूलों और शिक्षकों की स्थिति क्या है?

UDISE+ की 2025-26 की रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात में सरकारी और निजी स्कूलों की कुल संख्या 53,425 है। राज्य में प्रति स्कूल औसतन सात शिक्षक हैं, जबकि प्रत्येक स्कूल में औसतन 217 छात्र नामांकित हैं।

रिपोर्ट में शिक्षकों और छात्रों से जुड़े कुछ अन्य आंकड़े भी सामने आए हैं। 2,335 स्कूल केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। 80,053 बच्चे ऐसे स्कूलों में नामांकित हैं, जहां केवल एक शिक्षक है। 74 शिक्षक ऐसे स्कूलों में तैनात हैं, जहां एक भी छात्र नामांकित नहीं है। 53,425 स्कूल गुजरात में सरकारी और निजी स्कूलों की कुल संख्या है।

ये आंकड़े राज्य में शिक्षकों की तैनाती और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की जरूरत को रेखांकित करते हैं। एक ओर हजारों बच्चे ऐसे स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जहां केवल एक शिक्षक है, वहीं दूसरी ओर कुछ स्कूल ऐसे भी हैं, जहां शिक्षक तो तैनात हैं, लेकिन कोई छात्र नामांकित नहीं है।

क्या है UDISE+ रिपोर्ट?

UDISE+ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए देशभर के मान्यता प्राप्त स्कूलों से शिक्षा संबंधी आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इसमें प्री-प्राइमरी से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के स्कूलों में छात्रों के नामांकन, शिक्षकों की संख्या और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी शामिल होती है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस सांसद और JNU के प्रोफेसर को यूनिवर्सिटी ने किया बर्खास्त, 11 छात्राओं ने लगाए थे यौन उत्पीड़न के आरोप

कांग्रेस के लोकसभा सांसद और जवाहर लाल नेहरू के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम को यूनिवर्सिटी ने बर्खास्त कर दिया गया, जब एक इंटरनल कमेटी ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के बाद उन्हें कड़ी सजा देने की सिफारिश की। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।