विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के घटक दल बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए से मुकाबला करने और एकजुट होकर आगे बढ़ने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए सोमवार को दिल्ली में जुटेंगे।

दिल्ली के ‘कॉन्स्टीट्यूशन क्लब’ में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे समेत 23 विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को बताया कि 23 राजनीतिक दलों ने बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है। रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से इस गठबंधन से दूरी बना चुकी है जबकि डीएमके ने तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा उससे संबंध तोड़कर टीवीके गठबंधन वाली सरकार में शामिल होने के बाद बैठक का बहिष्कार करने की घोषणा की है।

बैठक में ‘इंडिया’ गठबंधन भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगा और राज्यों के आगामी चुनावों तथा 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय मुद्दों पर मोदी सरकार का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने की कोशिश करेंगे।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हालिया हार ने भी विपक्षी गठबंधन को देश में बीजेपी के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने पर मजबूर किया है। टीएमसी अपने नेताओं पर पश्चिम बंगाल में हमलों का मुद्दा उठा सकती है और इस मुद्दे पर ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती है। 

सीपीएम मांगेगी कांग्रेस से स्पष्टीकरण

हालिया विधानसभा चुनावों ने विपक्षी गठबंधन के भीतर मतभेदों को भी सामने ला दिया है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कांग्रेस के लगाए इस आरोप को उठाने की तैयारी में है कि केरल चुनावों में वाम दलों की भाजपा के साथ राजनीतिक समझ थी। वाम दलों को कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) से हार मिली थी।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में सीपीएम का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास के जरिये पार्टी इस मुद्दे को उठाकर कांग्रेस नेतृत्व से स्पष्टीकरण मांग सकती है।

सीपीएम महासचिव एम. ए. बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कहा है कि ऐसे आरोप विपक्षी गठबंधन में सहयोग की भावना के अनुरूप नहीं हैं। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि बेबी का पत्र ‘इंडिया’ गठबंधन की एकता पर सवाल उठाता है।

इससे पहले, ‘इंडिया’ गठबंधन की आखिरी बैठक जून, 2024 में हुई थी।

क्या ममता बनर्जी को INDIA गठबंधन के सहयोगियों का मिलेगा साथ?

तृणमूल कांग्रेस के अंदर बढ़ती नाराजगी के बीच पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी नेता के तौर पर वापसी करने के लिए एक रोडमैप तैयार करने की कोशिश कर रही हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।