Rajya Sabha Election: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को घोषणा की कि पार्टी आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इसको लेकर अब उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने प्रतिक्रिया दी है।

ओपी राजभर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “ये कल तक चिल्ला रहे थे कि हमारा प्रत्याशी आएगा तो भाजपा पूरे देश में चौंक जाएगी और आज उन्होंने चौंका दिया कि भारतीय जनता पार्टी के चार बार के राज्यसभा सांसद है, उनके बेटे को टिकट दिया भारतीय जनता पार्टी के कहने पर, क्योंकि वहां पर वो सेट नहीं हो सकते थे, यहां सेट हो गए तो सेट करा लिया। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि तीसरा उम्मीदवार खड़ा नहीं करना है, उन्होंने ट्वीट करके बता दिया कि हम तीसरा उम्मीदवार खड़ा नहीं करेंगे। अब हम विधानसभा के चुनाव में 403 पर लड़ेंगे।”

मंगलवार सुबह को उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।” बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख मंगलवार है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं, जबकि मतदान 16 अक्टूबर को होगा।

राज्यसभा गणित

सपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और धनराज नथवानी को पहले ही मैदान में उतार दिया है। इन्होंने पिछले हफ्ते लखनऊ में अपना नामांकन दाखिल किया था। बीजेपी ने सोमवार को दलितों और ब्राह्मणों सहित आठ उम्मीदवारों की घोषणा की, जबकि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को बाहर रखा गया, जिनका कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने वाला है।

इनमें राज्य मंत्री धर्मपाल सिंह, श्रुति गंगवार प्रकाश पाल, विद्या सागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं। सपा और कांग्रेस के पास मिलाकर प्रभावी रूप से 102 विधायक हैं, जो दो सांसदों को चुनने के लिए पर्याप्त संख्या है (इसके लिए 37 प्रथम वरीयता वोटों की आवश्यकता होती है)। हालांकि, तीसरे उम्मीदवार को निर्वाचित कराने के लिए उन्हें नौ प्रथम वरीयता वोटों की कमी है।

403 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए के पास 291 विधायक हैं। इनमें बीजेपी के 255 विधायक शामिल हैं। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के दो विधायकों के समर्थन से गठबंधन की प्रभावी शक्ति 293 है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के पास 101 विधायक हैं और उसके सहयोगी कांग्रेस के पास दो विधायक हैं।

यह भी पढ़ें: ‘बात सीट की नहीं जीत की है’, सीट शेयरिंग को लेकर अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दे दिया साफ संदेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में करीब चार महीने के बाकी हैं, लेकिन उससे पहले सभी राजनीतिक दलों में सीट शेयरिंग को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस को साफ संदेश दिया है। हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में कांग्रेस या राहुल गांधी का जिक्र नहीं किया, लेकिन इशारों-इशारों में इतना जरूर कर दिया-“बात सीट की नहीं जीत की है।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…