समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सपा प्रमुख ने इस बात का ऐलान वाराणसी में किया, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसद हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान कहा, “वह 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे।”
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद अब योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है। ओपी राजभर ने एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा।
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, “अरे मित्र अखिलेश यादव जी!सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे। ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ।”
ओपी राजभर ने कहा कि हमको नहीं पता था कि आप इतना टोना-टोटका मानने वाले हैं। वैसे बिना चुनाव लड़े आपका मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोना-टोटका नहीं था मित्र! बल्कि रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादा होने के कारण मुख्यमंत्री बन पाए थे। अब जब, लग गया कि लड़ने गए तो मिट्टीपलीत होनी तय है तो लगे मैदान छोड़कर भागने?
सुभासपा चीफ ने कहा कि मित्र अखिलेश जी…ये लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जब प्रदेश टोना-टोटका वाले चलाया करते थे। नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक टोना-टोटका मानने वालों की सरकार को जनता ने 10 साल पहले ही उखाड़ के फेंक दिया है। आज हम लोगों ने मिलकर सारे टोना-टोटका, भूत-प्रेत, पिशाच सब झार दिये हैं। आपके सब भूत प्रेत गायब हैं।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वैसे भी! ले दे के एक्कै बार सीएम बन पाए हैं आप…अब आगे अगली पैदाइश तक उम्मीद भी नहीं है। तो कम से कम हिम्मत दिखते हुए किसी एक सीट से लड़ लिये होते। डर गए चुनौती पर।
राजभर ने अंत में कहा कि चलिए, बाबा विश्वनाथ आपका कल्याण करें… आपके पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, मगर कुछ ही दूर पर उनके दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला। कम से कम पास में ही काल भैरव बाबा के दरबार में चले गये होते। वहां आपके सब टोना-टोटका का इलाज हो गया होता…। जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने के दिन जैसे-जैसे कम होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं की जुबानी जंग भी तीखी होती जा रही है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है। चर्चा यह कि आखिर अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव क्यों नहीं लड़ना चाहते हैं। लेकिन अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। पढ़ें पूरी खबर।
