जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि यदि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के नतीजों पर असर पड़ता है तो यह एक खतरनाक नजीर होगी। अब्दुल्ला ने कहा कि राजनीतिक दलों को खुद को इससे बचाना होगा।

कोलकाता के भवानीपुर स्थित एक स्ट्रॉन्ग रूम (जहां मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन रखी गई हैं) के बाहर बृहस्पतिवार को हुए घटनाक्रम के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उमर अब्दुल्ला ने यह बात कही।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए लोगों को तैनात करना पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अधिकार है।

उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, ”मैंने हमेशा कहा है कि मैं चुनाव पूर्व धांधली को स्वीकार नहीं करता और चुनाव के बाद ईवीएम की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जब मतपेटियां होती थीं तब भी हम ऐसा ही करते थे। हम अपने लोगों को स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर तैनात रखते थे। इसलिए, ममता बनर्जी को स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर लोगों को तैनात रखने का अधिकार था और उन्होंने ऐसा किया।”

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मतों की चोरी एसआईआर के जरिए हो रही है, न कि ईवीएम के जरिए। उन्होंने कहा, ”ईवीएम (हैकिंग) और एसआईआर के जरिये जो किया जा रहा है, उसमें अंतर है। आज ईवीएम के जरिए मतों की चोरी नहीं हो रही है, बल्कि दुर्भाग्य से निर्वाचन आयोग के माध्यम से एसआईआर के जरिए हो रही है।”

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भाजपा विरोधी दलों के लिए एक बड़ी चुनौती है क्योंकि अगर एसआईआर चुनाव परिणाम को प्रभावित करता है तो यह खतरनाक होगा। उन्होंने कहा, ”पश्चिम बंगाल का यह चुनाव हम सबके लिए एक बड़ी चुनौती है क्योंकि, भगवान न करे, अगर एसआईआर अपना असर दिखा दे तो यह हम सबके लिए बहुत खतरनाक हो सकता है। हमें मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाकर चुनाव में धांधली करने के उनके प्रयास से खुद को बचाना होगा। मुझे नहीं लगता कि ईवीएम के जरिए कुछ किया जा सकता है।”

गलत साबित होंगे एग्जिट पोल: अब्दुल्ला

सीएम अब्दुल्ला ने एग्जिट पोल के बारे में कहा कि सोमवार को परिणाम आने पर वे गलत साबित होंगे। उन्होंने कहा, ”अब तक कौन सा एग्जिट पोल सही साबित हुआ है? पांच साल पहले जब पश्चिम बंगाल में चुनाव हुए थे, तब सभी एग्जिट पोल ने भाजपा सरकार बनने की संभावना जताई थी। लेकिन नतीजा क्या निकला? हमें ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नतीजे सोमवार को आ जाएंगे।”

अब्दुल्ला ने वार्षिक हज यात्रा के लिए हवाई किराए में बढ़ोतरी को लेकर कहा कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद अब हर चीज की कीमत में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा, ”अब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो देखिए और क्या-क्या बढ़ेगा। वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। ईंधन की कीमतें बढ़ेंगी, सब कुछ बढ़ेगा।”

बंगाल में लोगों के बीच SIR ने पैदा किया डर

पश्चिम बंगाल चुनाव में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा एसआईआर बना हुआ है। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विवादास्पद एसआईआर में वोट देने का अधिकार दांव पर लगा हुआ है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।